कैलाश पाण्डेय

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 इस बार राज्य की राजनीति का एक निर्णायक और बेहद रोमांचक रिजल्ट फुटबॉल मैच की तरह है। रिकॉर्ड तोड़ मतदान, बंटी हुई एग्जिट पोल तस्वीर और लगभग हर सीट पर सीधी टक्कर ने इस चुनाव को असाधारण रूप से अनिश्चित बना दिया है। मुकाबला मुख्य रूप से तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच सिमट गया है, जहां सत्ता का फैसला बहुत मामूली अंतर से होने की संभावना है।
इस चुनाव की सबसे खास बात यह रही कि इसमें किसी भी दल के पक्ष में स्पष्ट लहर दिखाई नहीं दी। राजनीतिक विश्लेषकों ने इसे “नो वेव, यानी किसी की कोई लहर नहीं ओनली फाइट” का चुनाव बताया है। हर विधानसभा क्षेत्र में कड़ी टक्कर देखने को मिली और एग्जिट पोल्स ने भी अलग-अलग संकेत दिए, जिससे स्थिति और अधिक पेचीदा हो गई। यह चुनाव पूरी तरह से “क्लोज़ फाइट” बन चुका है, जहां छोटे-छोटे सामाजिक, क्षेत्रीय और वर्गीय कारक भी निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।
चुनाव के दौरान कई चरणों में 85 से 90 प्रतिशत तक मतदान दर्ज किया गया, जो राज्य के चुनावी इतिहास में एक महत्वपूर्ण घटना है। इतनी बड़ी संख्या में मतदाताओं की भागीदारी से एक बात समझ आ रही है कि जनता या तो बदलाव के पक्ष में निर्णायक रूप से सामने आई है या फिर मौजूदा सरकार को मजबूती देने के लिए उत्साहित है। इस भारी मतदान से यह भी संकेत मिलता है कि “साइलेंट वोटर” बड़ी संख्या में सक्रिय हुआ है, एंटी-इंकम्बेंसी और ध्रुवीकरण दोनों समानांतर रूप से मौजूद हैं, और महिला तथा गरीब वर्ग के मतदाता इस चुनाव में निर्णायक साबित हो सकते हैं।
क्षेत्रीय समीकरणों पर नजर डालें तो उत्तर बंगाल के कूचबिहार, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग जैसे इलाकों में भारतीय जनता पार्टी की पकड़ मजबूत दिखाई देती है। वहीं दक्षिण बंगाल के ग्रामीण क्षेत्रों पूर्व और पश्चिम मिदनापुर, हुगली और नादिया में तृणमूल कांग्रेस का प्रभाव अब भी बरकरार है, जहां उसकी कल्याणकारी योजनाएं और महिला वोट बैंक उसे बढ़त दिला सकते हैं। जंगलमहल क्षेत्र, जिसमें पुरुलिया, बांकुड़ा और झाड़ग्राम शामिल हैं, इस चुनाव का टर्निंग पॉइंट साबित हो सकता है, क्योंकि यहां दोनों दलों के बीच सीधी टक्कर है।
मुस्लिम बहुल क्षेत्रों जैसे मुर्शिदाबाद, मालदा और 24 परगना में तृणमूल कांग्रेस को स्पष्ट बढ़त मिल सकती है, जबकि शहरी और औद्योगिक क्षेत्रों कोलकाता, हावड़ा, आसनसोल और दुर्गापुर में मुकाबला कड़ा होने के बावजूद भारतीय जनता पार्टी को हल्की बढ़त मिल सकती है।
294 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 148 है। समग्र राजनीतिक विश्लेषण के आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी 145 से 160 सीटों के बीच रह सकती है, जबकि तृणमूल कांग्रेस 130 से 145 सीटों तक सिमट सकती है। अन्य दलों की भूमिका सीमित दिखाई देती है। इस प्रकार सत्ता का समीकरण बेहद नाजुक स्थिति में है, जहां कुछ सीटों का अंतर ही सरकार का फैसला करेगा।
जहां तक ममता बनर्जी का सवाल है, वे इस चुनाव में अपनी पारंपरिक राजनीतिक पकड़ और व्यक्तिगत लोकप्रियता के सहारे कड़े मुकाबले में बनी हुई हैं। हालांकि उनके निर्वाचन क्षेत्र में भी सीधी टक्कर देखने को मिली है, लेकिन मतदाताओं का उनके पक्ष में झुकते दिखाई देते हैं और उनके जीतने की संभावना मजबूत मानी जा रही है। फिर भी जीत का अंतर बहुत बड़ा नहीं रहने का अनुमान है, जो इस चुनाव की समग्र प्रतिस्पर्धा को दर्शाता है।
इन सभी रुझानों के आधार पर यह कहा जा सकता है कि भारतीय जनता पार्टी को हल्की बढ़त मिल सकती है और वह सरकार बनाने की स्थिति में पहुंच सकती है, हालांकि तृणमूल कांग्रेस भी पूरी मजबूती से मुकाबले में बनी हुई है। अंतिम परिणाम आखिरी दौर की मतगणना तक अनिश्चित बने रह सकते हैं।
यह चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन या पुनःस्थापन का प्रश्न नहीं है, बल्कि यह लोकतांत्रिक भागीदारी, सामाजिक समीकरणों और मतदाता की बदलती मानसिकता का भी प्रतीक है। भारी मतदान, कड़ी टक्कर और अनिश्चित परिणाम इस चुनाव को भारतीय लोकतंत्र के सबसे रोचक और महत्वपूर्ण बना देते हैं।


Leave a Reply