

अतिथियों ने खिलाड़ियों को किया प्रेरित
अनूपपुर। मध्य प्रदेश शासन खेल एवं युवा कल्याण विभाग भोपाल के निर्देश और कलेक्टर हर्षल पंचोली तथा पुलिस अधीक्षक मोती ऊर रहमान के मार्गदर्शन में ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर आरोह-2026 का 1 मई 2026 को प्रातः 7:00 बजे जिला खेल परिसर अनूपपुर में भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं प्रभारी जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी जगन्नाथ मरकाम ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक मजबूती का माध्यम नहीं बल्कि व्यक्तित्व विकास का सशक्त साधन भी है। खिलाड़ी लगन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के साथ आगे बढ़कर सफलता के उच्च शिखर तक पहुंच सकते हैं। इस एक माह के शिविर में खेल प्रशिक्षण के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, सांस्कृतिक गतिविधियों, मनोरंजन और फिट इंडिया मूवमेंट के विषय में भी खिलाड़ियों को जागरूक किया जाएगा।
प्रतिभाओं को निखारने का बेहतरीन मंच
विशिष्ट अतिथि जिला व्हॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष चैतन्य मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे शिविर प्रतिभाओं को निखारने का सुनहरा अवसर प्रदान करते हैं। खिलाड़ियों को अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर खेल की बारीकियां सीखनी चाहिए। जिला महामंत्री भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस सत्येंद्र स्वरूप दुबे ने बताया कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का काम करते हैं और समाज में ऊर्जा का संचार करते हैं। वरिष्ठ खिलाड़ी आशुतोष त्रिपाठी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि खेल में सफलता के लिए धैर्य, समर्पण और निरंतर अभ्यास अत्यंत आवश्यक है। जो खिलाड़ी मेहनत से पीछे नहीं हटते, वे ही आगे चलकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करते हैं।
खेल प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों की उपस्थिति
इस उद्घाटन अवसर पर जिला खेल प्रशिक्षक रामचंद्र यादव, धनीराम बनवासी, शिवानी केसरवानी, श्रेया गुप्ता, भारती सिंह, पूरन सिंह, मनीष सिंह, जितेंद्र गुप्ता एवं अमिय विश्वास सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। यह ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर अनूपपुर जिले में नई खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें उचित मार्गदर्शन देने की दिशा में एक बहुत ही महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।


Leave a Reply