
अनूपपुर। जिले के भालूमाड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध पशु परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 मवेशियों से भरी दो पिकअप वाहनों को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान पशु तस्कर अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक अनूपपुर के निर्देशन एवं एसडीओपी कोतमा श्रीमती आरती शाक्य के मार्गदर्शन में भालूमाड़ा थाना प्रभारी उप निरीक्षक डी.एस. बागरी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा शनिवार देर रात मुखबिर की सूचना पर पयारी नंबर-2 मेन रोड में नाकाबंदी की गई।
रात्रि करीब 3 बजे दो संदिग्ध सफेद रंग की पिकअप वाहन क्रमांक MP 65 ZD 4094 एवं CG 16 CS 6764 भाद क्षेत्र से भालूमाड़ा की ओर आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों वाहन चालक पिकअप मोड़कर केरहा बाबा रोड मझौली की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्काल पीछा किया, लेकिन आरोपी वाहन जंगल किनारे खड़े कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
वाहनों की तलाशी लेने पर एक पिकअप में 5 भैंसे एवं 2 भैंसियां तथा दूसरी पिकअप में 4 भैंसे एवं 3 भैंसियां कुल 14 मवेशी क्रूरता पूर्वक ठूंस-ठूंसकर भरे हुए मिले। पुलिस ने दोनों वाहनों एवं मवेशियों को जब्त कर थाना परिसर लाया तथा मवेशियों को देखरेख के लिए गोविंदा कांजी हाउस भेजा गया।
पुलिस ने वाहन चालकों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 134/2026 एवं 135/2026 के तहत पशु क्रूरता अधिनियम, म.प्र. कृषक पशु परिवहन अधिनियम एवं मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
जब्त मशरूका में दो पिकअप वाहन एवं 14 नग भैंस (पड़वा) शामिल हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 12 लाख 10 हजार रुपए बताई गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक डी.एस. बागरी, सहायक उप निरीक्षक चंद्रहास बांधेकर, प्रधान आरक्षक कृपाल सिंह, आरक्षक शुभम तिवारी एवं चालक आरक्षक दिनेश मुजाल्दे की सराहनीय भूमिका रही।



Leave a Reply