

विलंब से भेजे गए संदेश से हुई समस्या
जबलपुर।मुंबई गरीबरथ एक्सप्रेस (12187) के यात्री शनिवार को परेशान हुए। दो-दो यात्री एक बर्थ (सीट) के नंबर वाली टिकट लेकर ट्रेन में सवार हुए। सीट पर कब्जे को लेकर आपस में भिड़ गए। ट्रेन के प्रस्थान करने के पूर्व तक यात्रियों में सीट आरक्षण को लेकर विवाद होता रहा। इस बीच टिकट की वास्तविकता जांचने के लिए कोई यात्री तिथि जांचता रहा तो कोई यात्री ट्रेन का नंबर मिलाते रहे। काफी देर तक परेशान होते रहे। हंगामा की स्थिति निर्मित होने लगी। मामला तब शांत हुआ जब अंतिम समय पर यात्रियों के फोन पर आइआरसीटीसी की ओर से नई बर्थ आवंटन का संदेश भेजा गया। अपनी अलग-अलग सुरक्षित सीट मिलने के बाद यात्रियों की चिंता दूर हुई। आपसी विवाद पर विराम लगा। चैन से सभी यात्रा आरंभ कर सकें।
–55 नम्बर से 58 हो गई बर्थ
जबलपुर से कल्याण जा रहे यात्री दिनेश कुमार पाठक (55) ने जब टिकट बुक किया तो उन्हें ट्रेन के जी-10 कोच में 55 नंबर बर्थ मिला। इसी टिकट का प्रिंट आउट लेकर वह ट्रेन में चढ़ें। अपनी सीट पर पहुंचे तो वहां, दूसरा यात्री बैठा हुआ था। उनके पास भी जी-10 कोच का 55 नंबर बर्थ का टिकट था। ऐसे कुछ अन्य यात्री भी थे, जो एक बर्थ दो-दो यात्रियों को आवंटित किए जाने पर सीट में कब्जे को लेकर विवाद से जूझ रहे थे।
55 से 52, 58 से 55 हो गया बर्थ नंबर-
चार्ट बना तो बदलकर 52, 55 हो गई-
जबलपुर से सीएसटीएम जा रहे यात्री एसके सिन्हा (50) ने बताया कि उन्होंने गत माह टिकट आरक्षित किया था। तब उन्हें जी-10 कोच में 58 नंबर बर्थ आवंटित किया गया था। शनिवार को शाम को आइआरसीटीसी के एप पर पीएनआर से जांचा तो नया बर्थ नंबर 55 आवंटित होने की जानकारी मिली। उनके साथ पहली बार ऐसा हुआ जब आरक्षित बर्थ का नंबर बदल गया। ट्रेन में अन्य कोच में भी कई यात्री अचानक बर्थ परिवर्तन से हतप्रभ थे।
-ट्रेन छूटने से पांच मिनट पहले आया मैसेज
यात्रियों ने बताया कि उन्होंने जब टिकट बुक कराया तो था कन्फर्म सीट थी। इसलिए वह इत्मीनान से जबलपुर स्टेशन पहुंचे। संबंधित कोच और बर्थ में जाकर बैठ गए। कुछ यात्रियों ने आकर जब सीट उनकी होने का दावा किया तो रेल एप की सहायता से पीएनआर जांचा। शाम को 7:40 बजे तक यात्रियों को एप रिजर्वेेशन चार्ट तैयार नहीं होने की जानकारी प्रदर्शित करते रहा। शाम को ट्रेन के 7:50 बजे के निर्धारित समय पर रवाना होने से पांच मिनट पूर्व यात्रियों को चार्ट तैयार होने और सीट नंबर में परिवर्तन की जानकारी मिली। अव्यवस्था पर यात्रियों ने आक्रोश व्यक्त किया। ट्रेन प्रस्थान के चार घंटे पूर्व तैयार होने वाले रिजर्वेशन चार्ट का संदेश यात्रियों के मोबाइल पर पौने चार घंटे के विलंब से मिलने पर व्यवस्था को संदिग्ध बताया।



Leave a Reply