Globe’s most trusted news site

, ,

कक्का की चौपाल में बजट  चाय की भाप, मालगाड़ी की गूंज और अनूपपुर की उम्मीदें

कक्का की चौपाल में बजट  चाय की भाप, मालगाड़ी की गूंज और अनूपपुर की उम्मीदें


कैलाश पाण्डेय
9424645856

खनिज, रेलवे राजस्व और आरक्षित जिले की हकीकत के बीच—क्या इस बार बजट में अनूपपुर को उसका हक़ मिलेगा?
बजट के दिन अनूपपुर की सुबह हमेशा कुछ अलग होती है।
यहाँ सूरज सिर्फ़ पूरब से नहीं, बल्कि अख़बार की सुर्खियों से उगता है। चौपालों पर चाय की भाप के साथ भविष्य की बहसें उठती हैं, और हर निगाह दिल्ली की ओर टिकी होती है। कक्का की चौपाल—जो महज़ बैठने की जगह नहीं, बल्कि जिले की सामूहिक चेतना है—आज फिर सवालों से भरी है। सवाल सिर्फ़ बजट का नहीं, बल्कि अनूपपुर के हक़, पहचान और हिस्सेदारी का है।
खनिज से भरपूर, फिर भी विकास से दूर
अनूपपुर कोई साधारण जिला नहीं। यह खनिज, ऊर्जा और श्रम का ऐसा संगम है, जिसने देश के औद्योगिक विकास को वर्षों से ताक़त दी है। कोयला, बॉक्साइट, पत्थर, रेत, सीमेंट, प्राकृतिक गैस और तेजी से उभरता बिजली उत्पादन—इन सबने इस ज़िले को संभावित ऊर्जा एवं औद्योगिक पावर हब बना दिया है।
लेकिन विडंबना यह है कि इतनी समृद्धि के बावजूद अनूपपुर आज भी विकास की मुख्यधारा में अपनी पूरी जगह तलाश रहा है।
रेलवे को राजस्व, जिले को उपेक्षा
कक्का की चौपाल से कुछ ही दूरी पर रेलवे लाइन है। दिन-रात गुजरती मालगाड़ियाँ इस सच्चाई की गूंज हैं कि रेलवे को सबसे अधिक माल ढुलाई से मिलने वाला राजस्व इसी क्षेत्र से आता है। कोयला और अन्य खनिजों से लदी ये गाड़ियाँ देश की अर्थव्यवस्था की धमनियों में जान फूँकती हैं।
लेकिन जब यात्री सुविधाओं की बात आती है, तो यही इलाका उपेक्षा की पटरी पर खड़ा दिखता है। नई रेल लाइनों, यात्री ट्रेनों, जंक्शन विकास और आधुनिक स्टेशन सुविधाओं का इंतज़ार सालों से जारी है। चौपाल पर बैठा हर शख़्स यही पूछता है—क्या अनूपपुर सिर्फ़ माल ढोने का इलाका है, या यहाँ रहने वाले लोग भी देश के नागरिक हैं?
अमरकंटक रेल लाइन पंद्रह साल पुरानी उम्मीद अनूपपुर से अंबिकापुर होते हुए झारखंड
बजट से जुड़ी सबसे बड़ी आस एक बार फिर अमरकंटक रेल विस्तार से जुड़ी है
मौहरी जंक्शन – छुलहा जंक्शन – पेंड्रा रोड  अमरकंटक  डिंडौरी मंडला बालाघाट होते हुए नागपुर गोदिया
यह रूट वर्षों से सर्वे, फाइलों और आश्वासनों में घूम रहा है। हर बजट से पहले चर्चा में आता है और हर बजट के बाद फिर अगली तारीख़ का इंतज़ार करता है।
जबकि यह रेल मार्ग सिर्फ़ तीर्थ पर्यटन नहीं, बल्कि आदिवासी बहुल, वनवासी और पिछड़े अंचलों को देश की मुख्यधारा से जोड़ने की ऐतिहासिक क्षमता रखता है।
राष्ट्रीय राजमार्ग  बिना सड़क, विकास अधूरा
रेल के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्गों का सवाल भी उतना ही अहम है। जब जिला खनिज और ऊर्जा उत्पादन का केंद्र बन रहा है, तब मज़बूत सड़क नेटवर्क उसकी बुनियादी ज़रूरत है।
भारी वाहनों के दबाव से ग्रामीण सड़कें टूट रही हैं, दुर्घटनाएँ बढ़ रही हैं और परिवहन लागत आसमान छू रही है। इस बजट से अपेक्षा है कि
नए राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित हों
मौजूदा मार्गों का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण हो
खनिज व औद्योगिक क्षेत्रों को सीधे जोड़ने वाले कॉरिडोर विकसित हों
आरक्षित जिला  विशेष नज़र की ज़रूरत
अनूपपुर अनुसूचित जनजाति बहुल (आरक्षित) जिला है। यहाँ विकास का अर्थ सिर्फ़ उद्योग नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और समान अवसर भी है।
आदिवासी अंचलों के लिए आवासीयविद्यालय,छात्रवृत्तियाँ, स्थानीय भाषा-संस्कृति आधारित शिक्षा, कौशल विकास और स्वरोज़गार योजनाएँ—अब किसी विलास की नहीं, बल्कि ज़रूरत कीश्रेणी में आ चुकी हैं।स्वास्थ्य और रोज़गार असली कसौटी खनन और औद्योगिक गतिविधियों के कारण स्वास्थ्य जोखिम बढ़े हैं, लेकिन विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएँ अभी भी सीमित हैं। जिला अस्पताल का उन्नयन, मोबाइल मेडिकल यूनिट और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार इस बजट की अहम अपेक्षाएँ हैं।
रोज़गार के मोर्चे पर सच्चाई साफ़ है—संसाधन यहीं हैं, लेकिन अवसर बाहर। स्थानीय युवाओं को खनिज, ऊर्जा और औद्योगिक परियोजनाओं में प्राथमिकता देना अब नीतिगत मजबूरी बन चुका है।
बजट  आँकड़ों से आगे भरोसे की परीक्षा
शाम होते-होते चौपाल पर चाय फिर उबलती है। रेडियो और टीवी पर बजट भाषण शुरू होता है। कक्का की चौपाल में सन्नाटा छा जाता है—हर कान सुन रहा है, हर दिल उम्मीद लगाए बैठा है।
क्या इस बार अनूपपुर का नाम सिर्फ़ राजस्व सूची में आएगा, या विकास की प्राथमिकताओं में भी दर्ज होगा?
यह बजट अनूपपुर के लिए केवल योजनाओं की सूची नहीं है।
यह सरकार की दृष्टि और संवेदनशीलता की परीक्षा है।
अगर इस बार रेल, राष्ट्रीय राजमार्ग, आरक्षित जिले के लिए विशेष पैकेज, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोज़गार पर ठोस फैसले हुए—तो यह बजट अनूपपुर के इतिहास में मील का पत्थर बन सकता है।
वरना,
चाय की भाप की तरह उम्मीदें फिर उड़ जाएँगी
और कक्का की चौपाल अगले साल फिर वही सवाल पूछेगी।
अनूपपुर आज भी इंतज़ार में है

Tags

Leave a Reply

Ad with us

Contact us : admin@000miles.com

Admin

Kailash Pandey
Anuppur
(M.P.)

Categories

error: Content is protected !!