अनूपपुर।
मध्य प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना ने ग्राम पंचायत डोंगरिया टोला की शशि बाई के जीवन में नई उम्मीद जगाई है। पति की असमय मृत्यु से आर्थिक संकट झेल रही शशि बाई को इस योजना के तहत 2 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि दी गई, जिससे उनके जीवन में उम्मीद और आत्मनिर्भरता का नया अध्याय शुरू हो सका है।
शशि बाई के पति, ददुआ सिंह, मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने से उनका निधन हो गया। इस त्रासदी ने शशि बाई और उनके बच्चों के भविष्य को अंधकारमय बना दिया। घर की आर्थिक जिम्मेदारी अकेले उठाने के लिए शशि बाई ने मजदूरी करना शुरू किया, लेकिन यह पर्याप्त नहीं था।
संबल योजना ने दिया नया सहारा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सिंगल क्लिक के माध्यम से 2 लाख रुपये की राशि शशि बाई के खाते में अंतरित की गई। इस राशि ने न केवल उनके परिवार को संकट से उबरने का अवसर दिया, बल्कि भविष्य की नई राह भी दिखाई।
शशि बाई का संकल्प परिवार के लिए नई शुरुआत
शशि बाई ने बताया कि यह राशि उनके लिए जीवन रेखा साबित होगी। वह इस धनराशि का उपयोग अपने परिवार की आजीविका सुधारने और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए करेंगी। उन्होंने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन को इस मदद के लिए हृदय से धन्यवाद दिया।
समाज को प्रेरणा संकट में सरकार बनी सहारा
संबल योजना यह साबित करती है कि सरकार की सही नीतियां गरीब और वंचित वर्ग के लिए वरदान बन सकती हैं। शशि बाई की कहानी संघर्ष, आत्मविश्वास, और पुनर्निर्माण की मिसाल है। यह उन सभी के लिए प्रेरणा है, जो जीवन की कठिनाइयों में हार मानने की बजाय आगे बढ़ने का संकल्प लेते हैं।
सरकार और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी से हर कठिनाई का सामना किया जा सकता है।




Leave a Reply