मामले ने पकड़ा तूल,कांग्रेस ने किया थाने का घेराव, चेतावनी दी,एफआईआर करें नहीं तो सफाई व्यवस्था ठप्प होगी,पार्षद ने कहा, आरोप झूठे
जबलपुर।वीरेंद्र पुरी वार्ड के भाजपा पार्षद राहुल साहू के खिलाफ सफाई कर्मचारियों के साथ कांग्रेस नेताओं ने गढ़ा थाने में घुसकर जमकर हंगामा किया। आरोप है कि भाजपा पार्षद ने एक 55 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ गाली-गलौज करते हुए ना सिर्फ उसके साथ मारपीट की बल्कि धमकी भी दी की तुझे नौकरी से निकलवा दूंगा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गढ़ा पुलिस को अल्टीमेटम दिया है कि अगर पार्षद के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होती है, तो जबलपुर के सभी जोन को कांग्रेस कार्यकर्ता सफाई कर्मचारियों के साथ मिलकर घेराव करेंगे, इतना ही नहीं सफाई व्यवस्था को ठप्प कर दिया जाएगा। ऐसे में अगर दीपावली पर्व में सफाई का काम प्रभावित होगा तो इसकी जिम्मेदारी नगर निगम और पुलिस को होगी। कांग्रेस का आरोप है कि इससे पहले भी पार्षद राहुल साहू विवादों में रहे है। इधर पार्षद ने अपने ऊपर लगे तमाम आरोप को सिरे से नकार दिया है।
–लेट होने पर नाराज पार्षद हुए नाराज
वीरेंद्र पुरी वार्ड में 55 वर्षीय महिला सफाई कर्मचारी शर्मिला वंशकार गुरुवार की सुबह करीब साढ़े 11 बजे काम करने के बाद नाश्ता करने चली गई थी, इस दौरान कर्मचारियों की हाजिरी के लिए फोटो खींच रही थी, जिसके चलते शर्मिला थोड़ा लेट हो गई, जिससे नाराज होकर पार्षद राहुल साहू ने गाली-गलौज करते हुए भगा दिया। नाराज शर्मिला के बेटे ने अपनी मां के लिए बहस कर ली, जिसके कारण विवाद होने लगा और फिर पार्षद ने यह कहते हुए भगा दिया कि अब जरूरत नहीं है, काम पर आने की।
–सफाई कर्मचारी भी आक्रोशित
महिला सफाई कर्मचारी के साथ मारपीट की खबर लगते ही बड़ी संख्या में साथी कर्मचारी गढ़ा थाने पहुंचे और पार्षद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान विवाद की जानकारी लगते ही कांग्रेस के नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा भी कार्यकर्ताओं के साथ गढ़ा थाने पहुंचकर हंगामा किया। कांग्रेस के नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा का कहना है कि वीरेंद्र पुरी वार्ड के भाजपा पार्षद राहुल साहू हमेशा विवादों में रहते है। राहुल अपने साथ एक दलाल को लेकर चलते है जिसका नाम विवेक पटेल है। पार्षद ने उसे इसलिए नियुक्त किया है कि वह सभी पर पार्षद के नाम की धौंस जमाते हुए परेशान कर सके।
कांग्रेस का आरोप है कि बीते कई माह से इस तरह की स्थिति बन रही है। सौरभ शर्मा ने कहा कि पार्षद की आर्थिक स्थिति पार्षद बनने का बाद और पार्षद बनने के पहले देखी जा सकती है, ठीक इसी तरह से वार्ड की हालत भी देख ले कि पार्षद ने कितना विकास किया है। पश्चिम विधानसभा के वीरेंद्र पुरी वार्ड पार्षद राहुल साहू पर आरोप है कि कमीशनखोरी में हमेशा यह लिप्त रहते है।
–22 की जगह 10 सफाई कर्मचारी
विवाद पर भाजपा पार्षद राहुल साहू का कहना है कि महिला सफाई कर्मचारी और कांग्रेस ने जो भी आरोप लगाए हैं उसका उनके पास कोई सबूत नहीं है। पार्षद का कहना था कि आज दोपहर को जब देखा कि लेबर कम है और काम भी वार्ड में नहीं हुआ तो सुपरवाइजर से काम करने के लिए कहा, जिस पर उसने यह कहते हुए काम करने से मना कर दिया कि यहां का काम हो गया है। ये सभी महिला सफाई कर्मचारी लंच के बाद काम पर आए थे, जिसके लिए डांटा तो शिकायत की गयी जो झूठी है। पार्षद का कहना है कि वार्ड में 22 सफाई कर्मचारी की ड्यूटी लगती है, पर आते सिर्फ 10 दस ही हैं, जो एक घोटाला है।





Leave a Reply