
गांव-गांव फैला ठगी का जाल अनूपपुर में सक्रिय फर्जी माइक्रोफाइनेंस कंपनियां, पुलिस की सख्त कार्रवाई
अनूपपुर। जिले के ग्रामीण इलाकों में महिलाओं को कम ब्याज पर लोन देने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह सक्रिय हैं। ऐसे ही एक मामले में कोतमा थाना पुलिस ने ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी अभी फरार है। इस घटना में करीब 60-65 महिलाओं से लाखों रुपये की ठगी की गई थी। पुलिस अधीक्षक मोतिउर रहमान के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी कोतमा के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से गिरफ्तार किया।
गांव-गांव फैला जाल, महिलाओं को बनाया निशाना
गिरफ्तार आरोपी मनोज कुमार बिंद और उसके साथी संजय गिरी ने खुद को “आभास माइक्रोफाइनेंस एसोसिएशन” का प्रतिनिधि बताकर ग्रामीण महिलाओं को लोन देने का लालच दिया। ये आरोपी कोतमा क्षेत्र के आमाडाड, मुडधोवा, बेलिया बड़ी, लतार, उरा, कुशला बहरा, बगरार, मलगा, दैखल, परासी आदि गांवों में सक्रिय थे। आरोपियों ने महिलाओं से 2050, 2550, 3050, 3550 रुपये की राशि “लोन प्रोसेसिंग फीस” के नाम पर वसूली और फर्जी रसीदें दीं।
एक ही दिन में 60-65 महिलाओं से लाखों की ठगी
14 फरवरी 2025 को आरोपियों ने कोतमा के रेस्ट हाउस रोड पर फर्जी ऑफिस खोलकर महिलाओं को बुलाया और लोन की प्रक्रिया पूरी करने का नाटक किया। शाम तक खाते में पैसे आने का झांसा देकर उन्होंने सभी महिलाओं से रकम इकट्ठा कर ली और फिर रातोंरात फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपी को ऐसे पकड़ा
पीड़ित महिलाओं की शिकायत पर थाना कोतमा में अपराध क्रमांक 62/25 धारा 318 (4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी पहले भी कुराव (प्रयागराज), सकलडीहा (चंदौली), ब्यौहारी (शहडोल) और कोतमा क्षेत्र में इसी तरह की ठगी कर चुके हैं।
संदेहियों की तलाश में एक विशेष पुलिस टीम उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर व जौनपुर भेजी गई। पुलिस ने आरोपी मनोज कुमार बिंद (43 वर्ष, निवासी गंगावती, जिला मिर्जापुर) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 1,48,500 रुपये नकद, फर्जी रसीदें, महिलाओं के आधार कार्ड और बैंक पासबुक की फोटोकॉपी जब्त की गई। उसका साथी संजय गिरी अब भी फरार है और जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
कोयलांचल में जालसाजी का गढ़
अनूपपुर जिले और सीमावर्ती क्षेत्रों में माइक्रोफाइनेंस कंपनियों के नाम पर ठगी के कई मामले सामने आ चुके हैं। कोयलांचल क्षेत्र में विशेष रूप से ऐसी उच्च स्तरीय जालसाजी सक्रिय है, जहां महिलाएं और निम्न आय वर्ग के लोग जल्दी लोन मिलने के लालच में ठगी का शिकार हो जाते हैं।
पुलिस की सतर्कता और सख्त कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक मोतिउर रहमान ने ठगी करने वाले गिरोहों पर शिकंजा कसने के निर्देश दिए हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतमा सुंद्रेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक सुरेश अहिरवार, बृजेश कुमार पांडेय, प्रधान आरक्षक संजीव त्रिपाठी, आरक्षक सत्यभान सिंह, मुमताज, जितेंद्र मंडलोई और साइबर सेल के प्रधान आरक्षक राजेंद्र अहिरवार व पंकज मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सतर्क रहें, जागरूक बनें
पुलिस ने अपील की है कि कोई भी लोन लेने से पहले कंपनी की प्रमाणिकता जांचें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति गांव में लोन देने की पेशकश करे, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। जागरूकता ही ऐसे अपराधों से बचने का सबसे बड़ा हथियार है।
(रिपोर्ट: विशेष संवाददाता, अनूपपुर)



Leave a Reply