
भोपाल के पीपुल्स ग्रुप पर ईडी की बड़ी कार्रवाई 280 करोड़ की संपत्ति कुर्क, मनी लॉन्ड्रिंग का मामला उजागर
भोपाल,प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत पीपुल्स ग्रुप, भोपाल की 280 करोड़ रुपये की चल/अचल संपत्तियां अनंतिम रूप से कुर्क कर दी हैं। यह कार्रवाई कंपनी अधिनियम, 2013 के तहत दर्ज अभियोजन शिकायतों के आधार पर की गई है।
एफडीआई में भारी गड़बड़ी का खुलासा
ईडी की जांच में सामने आया कि 2000 से 2022 के दौरान पीपुल्स ग्रुप ने 494 करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) प्राप्त किया। इस धनराशि को संदिग्ध तरीकों से उपयोग कर आरोपी व्यक्तियों ने अपने हित साधे। एफडीआई का उपयोग ‘ब्याज मुक्त ऋण’, ‘सुरक्षा जमा’ और ‘अग्रिम’ के रूप में किया गया, जिससे पीपुल्स ग्रुप की कंपनियों और उनकी संपत्तियों का व्यापक विस्तार हुआ।
पहले भी हो चुकी है संपत्तियों की कुर्की
इससे पहले, 1 नवंबर 2023 को ईडी ने 230.4 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति कुर्क की थी, जिसमें कॉलेज, स्कूल, प्रशिक्षण केंद्र, पेपर मिल, और न्यूजप्रिंट मशीनरी जैसी संपत्तियां शामिल थीं।
न्यायालय ने मनी लॉन्ड्रिंग का लिया संज्ञान
ईडी ने इस मामले में भोपाल पीएमएलए कोर्ट में अभियोजन शिकायत दर्ज कराई थी। कोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग के अपराध का संज्ञान लेते हुए जांच को आगे बढ़ाने की अनुमति दी है।
कुर्क की गई संपत्तियों में शामिल हैं
पीपुल्स इंटरनेशनल एंड सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की संपत्तियां
पीजीएच इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड की शेयरधारिता
विदेशी निवेशकों से प्राप्त एफडीआई का उपयोग करके खरीदी गई अन्य संपत्तियां
ईडी अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग की जड़ तक पहुंचने के लिए की गई है। “यह कदम पीपुल्स ग्रुप द्वारा वित्तीय अनियमितताओं के विरुद्ध हमारी सतर्कता का प्रमाण है। आगे की जांच में और भी चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।
मामले में अन्य संपत्तियों और आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है। ईडी की यह कार्रवाई भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ एक सख्त संदेश है।




Leave a Reply