

लोकायुक्त की कार्रवाई बुरहानपुर में रिश्वत लेते प्रधान आरक्षकों को रंगे हाथों पकड़ा
इंदौर लोकायुक्त की ट्रेप कार्रवाई
पुलिस महानिदेशक (लोकायुक्त) श्री जयदीप प्रसाद द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इंदौर लोकायुक्त इकाई ने बुरहानपुर जिले के नेपानगर थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। इस ट्रेप में नेपानगर थाने में तैनात दो कार्यवाहक प्रधान आरक्षक रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़े गए।
महाराष्ट्र के बुलढाना जिले के मलकापुर निवासी आवेदक दीपक पाटिल ने लोकायुक्त इंदौर में शिकायत दर्ज कराई थी कि नेपानगर थाने के प्रधान आरक्षक दयाराम सिलवेकर और पवन शर्मा उनके दोस्त अभिजीत बिलास मसकर से 50,000 रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं।
आवेदक के अनुसार, उनके दोस्त का मलकापुर में ईंट निर्माण का कारखाना है। पिछले वर्ष ठेकेदार इरफान के माध्यम से उन्होंने लेबरों को 50,000 रुपये का भुगतान किया था। लेकिन लेबर काम पर नहीं गई, और इसके बाद ठेकेदार ने लेबर की मोटरसाइकिल जब्त कर ली। इस घटना पर लेबर ने नेपानगर थाने में मोटरसाइकिल चोरी की शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत की जांच के दौरान नेपानगर थाने के प्रधान आरक्षक दयाराम सिलवेकर ने कारखाना मालिक को भी आरोपी बनाने की धमकी देकर 50,000 रुपये रिश्वत की मांग की।
लोकायुक्त की कार्रवाई
आवेदक ने इस मामले की शिकायत लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक श्री राजेश सहाय को दी। प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने पर आज, दिनांक 5 दिसंबर 2024, को लोकायुक्त के निरीक्षक राजेश ओहरिया के नेतृत्व में एक ट्रैप दल का गठन किया गया।
ट्रैप कार्रवाई के दौरान बुरहानपुर स्थित सूर्यम रेसीडेंसी के मुख्य द्वार के सामने प्रधान आरक्षक पवन शर्मा को 50,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया।
आरोपियों पर धाराएं
आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा-7 और 61(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है।
ट्रैप दल सदस्य
कार्रवाई में निरीक्षक राजेश ओहरिया, आरक्षक विजय शेलार, शिव प्रसाद पाराशर, चंद्रमोहन बिस्ट, कृष्णा अहिरवार, और शैलेन्द्र सिंह शामिल थे।
आरोपियों को गिरफ्तार कर सर्किट हाउस बुरहानपुर में पूछताछ जारी है। यह कार्रवाई लोकायुक्त द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे कठोर अभियान का एक हिस्सा है।
लोकायुक्त की इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि भ्रष्टाचार में लिप्त सरकारी कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा।




Leave a Reply