
जबलपुर। भिटौनी रेलवे स्टेशन के साइडिंग यार्ड में खड़े रेल इंजनों से लगातार हो रही डीजल चोरी के मामले में रेलवे सुरक्षा बल ने बड़ी सफलता हासिल की है। आरपीएफ ने जाल बिछाकर डीजल चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह के 6 सदस्यों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से 200 लीटर चोरी का डीजल और वारदात में इस्तेमाल की गई एक कार बरामद की गई है। काफी समय से स्टेशन यार्ड में खड़े इंजनों से ईंधन गायब होने की शिकायतें मिल रही थीं, जिस पर संज्ञान लेते हुए आरपीएफ की टीम ने विशेष निगरानी शुरू की थी।
घेराबंदी कर दबोचे गए शातिर चोर
आरपीएफ को सूचना मिली थी कि चोरों का गिरोह एक बार फिर साइडिंग यार्ड में सक्रिय होने वाला है। योजना के अनुसार जवानों ने यार्ड के आसपास अपनी मौजूदगी छिपाई और चोरों के आने का इंतजार करने लगे। बेखौफ होकर पहुंचे आरोपियों ने इंजन से करीब 200 लीटर डीजल निकाल लिया और उसे अपनी कार में रखकर भागने की तैयारी में थे। इसी दौरान सतर्क जवानों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। गिरोह का मुख्य सदस्य अरविंद केजरीवाल निवासी पाटन बताया जा रहा है, जो लंबे समय से इस तरह की गतिविधियों में लिप्त था।
पूछताछ में बड़े खुलासे की उम्मीद
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मुख्य सरगना अरविंद केजरीवाल समेत कुल 6 लोग शामिल हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि यह गिरोह सुनियोजित तरीके से रेलवे की संपत्ति को निशाना बना रहा था। फिलहाल आरपीएफ पकड़े गए सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों को अंदेशा है कि इस गिरोह के तार अन्य इलाकों से भी जुड़े हो सकते हैं और पूछताछ के दौरान क्षेत्र में हुई डीजल चोरी की कई अन्य बड़ी वारदातों का खुलासा होने की पूरी संभावना है।


Leave a Reply