
दमोह। जिले के देहात थाना अंतर्गत हरद्वानी गांव में शनिवार 18 अप्रैल की देर रात खूनी संघर्ष की घटना सामने आई है। एक शादी समारोह के दौरान पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर पिता और पुत्र पर जानलेवा हमला करते हुए गोलियां चलाई गईं। इस वारदात में 52 वर्षीय नरेश पटेल और उनका 30 वर्षीय बेटा सत्य प्रकाश पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
शादी समारोह के बीच पुरानी रंजिश में वारदात
हरद्वानी गांव में शनिवार रात एक वैवाहिक कार्यक्रम का आयोजन हो रहा था जिसमें घायल पिता-पुत्र शामिल होने गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब नरेश पटेल अपने घर के समीप पहुंचे तभी हमलावरों ने घेराबंदी कर फायरिंग शुरू कर दी। सत्य प्रकाश के सिर के पास गोली लगने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा जिसे बचाने पहुंचे पिता नरेश पटेल के हाथ में भी गोली लगी। परिजनों ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने लगभग 18 राउंड गोलियां चलाईं जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई। घटना की जानकारी लगते ही 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर मधुर चौधरी ने अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उन्हें उच्च स्तरीय उपचार के लिए रेफर करने का निर्णय लिया।
आधा दर्जन से अधिक आरोपियों के नाम आए सामने
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ और घायलों के बयानों के आधार पर इस हमले में कई लोगों की संलिप्तता सामने आई है। परिजनों और घायलों ने देवी पटेल, गुड्डू पटेल, अखिलेश पटेल, नरेंद्र पटेल, अमर पटेल, अमर के भांजे, भदू आदिवासी, दिनेश और हल्लू सहित करीब 9 लोगों पर गोलीबारी करने का आरोप लगाया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह विवाद पिछले कई वर्षों से लंबित एक भूमि विवाद का परिणाम है। बताया जा रहा है कि वारदात से 2-3 दिन पहले भी जमीन की नपाई को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी जिसके बाद इस बड़ी घटना को अंजाम दिया गया।
पुलिस टीमों का गठन और गांव में सुरक्षा बल तैनात
वारदात की सूचना मिलते ही देहात थाना टीआई अमित कुमार गौतम, कोतवाली टीआई मनीष कुमार और एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदोरिया दल-बल के साथ अस्पताल और घटनास्थल पहुंचे। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए सीएसपी के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात किया गया है। एडिशनल एसपी ने बताया कि घायलों के सीटी स्कैन और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा कि हमले में 12 बोर की बंदूक का उपयोग हुआ है या किसी अन्य हथियार का। आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। फिलहाल पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर साक्ष्य जुटाने में लगी है।


Leave a Reply