
मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के भानपुरा क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की नृशंस हत्या कर दी। आरोपियों ने न केवल हत्या की बल्कि साक्ष्य मिटाने के लिए शव के साथ बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी धापूबाई और उसके प्रेमी पंकज चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार मृतक धनराज अपने ही हत्यारे पंकज चौधरी के यहां मजदूरी करता था और उसका ट्रैक्टर चलाता था।
खेत पर गला घोंटने के बाद तलवार से किए शव के टुकड़े
जांच में सामने आया कि आरोपी पंकज और धापूबाई के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। धनराज को इस बात की जानकारी थी और वह अक्सर अपनी पत्नी के इस अवैध रिश्ते का विरोध करता था। इसी विवाद को खत्म करने के लिए दोनों आरोपियों ने धनराज को रास्ते से हटाने की साजिश रची। घटना के दिन पंकज बहाने से धनराज को अपनी बाइक पर बैठाकर अपने खेत पर ले गया। वहां उसने पहले धनराज का गला घोंटा और फिर तलवार से शव के कई टुकड़े कर दिए। साक्ष्य नष्ट करने के इरादे से उसने शव के हिस्सों पर पेट्रोल डालकर उन्हें जला दिया। इसके बाद बची हुई राख और हड्डियों को खेत में ही गड्ढा खोदकर गाड़ दिया।
गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पंकज खुद मृतक की पत्नी धापूबाई के साथ भानपुरा थाने पहुंचा और धनराज की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। हालांकि पुलिस को शुरुआती जांच में ही दोनों के बयानों पर संदेह हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खेत से शव के अवशेष बरामद कर उन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। इस जघन्य अपराध से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने दूधाखेड़ी माताजी चौराहे पर चक्काजाम कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस अब इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि क्या इस पूरी साजिश और शव को ठिकाने लगाने में कोई और भी शामिल था।


Leave a Reply