हर हाल में फील्ड में उतरें अफसर,केबिन बैठकर काम न करें

प्रबंध संचालक ने कटनी के अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश,बोले,आरडीएसएस योजना और स्मार्ट मीटरिंग में लाएं तेजी

जबलपुर। पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक अजय गुप्ता ने कटनी जिले की समीक्षा बैठक में विद्युत व्यवस्था और वित्तीय स्थिति का विस्तृत रिपोर्ट तलब की। बैठक में विभागीय लक्ष्यों की प्राप्ति और उपभोक्ताओं को दी जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता पर केंद्रित चर्चा की गई। समीक्षा के दौरान राजस्व संग्रहण के आंकड़े संतोषजनक न मिलने पर प्रबंध संचालक ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने समाधान योजना के तहत पात्र उपभोक्ताओं को लाभान्वित करने की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त की। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बकाया राशि की वसूली के लिए घर-घर संपर्क बढ़ाया जाए और राजस्व लक्ष्यों को हर हाल में समय सीमा के भीतर हासिल किया जाए। स्मार्ट मीटर स्थापना की प्रगति और उपभोक्ताओं की शिकायतों के निराकरण की स्थिति को लेकर भी संबंधित कार्यपालन अभियंताओं को जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए गए।

​आरडीएसएस और वर्क प्लान की तकनीकी समीक्षा

​बैठक में संचा-संधा वृत्त, शहर, दक्षिण, प्रवर्तन और एसटीएम-एसटीसी संभाग के तकनीकी कार्यों का विश्लेषण किया गया। वर्क प्लान 2025-26 के तहत स्वीकृत कार्यों की वर्तमान स्थिति और फेल ट्रांसफार्मरों को बदलने में लगने वाले समय की समीक्षा की गई। अजय गुप्ता ने कहा कि विद्युत प्रदाय में सुधार के लिए मेंटेनेंस कार्यों में कोई कोताही न बरती जाए। उन्होंने अधीक्षण अभियंता और कार्यपालन अभियंताओं को केवल कार्यालय तक सीमित न रहकर नियमित रूप से फील्ड का दौरा करने और जमीनी स्तर पर तकनीकी खामियों को दूर करने के आदेश दिए।

​निर्माणाधीन खिरहनी उपकेन्द्र के लिए अल्टीमेटम

​ प्रबंध संचालक श्री गुप्ता ने ने आरडीएसएस योजना के अंतर्गत खिरहनी में निर्माणाधीन 33/11 केव्ही उपकेन्द्र का भौतिक सत्यापन किया। मौके पर मौजूद मेसर्स यूनिवर्सल के प्रतिनिधियों को निर्माण कार्य की बारीकियों और गुणवत्ता मानकों का पालन करने की सख्त चेतावनी दी गई। उन्होंने निर्देश दिए कि उपकेन्द्र के सभी शेष कार्यों को 30 अप्रैल तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिया जाए ताकि स्थानीय क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके। कार्य में किसी भी प्रकार का विलंब होने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की बात भी कही गई।

​बिजली अफसरों ने दिया इनपुट

​इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में मुख्यालय और संभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता रही। मुख्य महाप्रबंधक कार्य संजय भागवतकर, मुख्य अभियंता जबलपुर क्षेत्र एसके गिरिया और मुख्य महाप्रबंधक संचा-संधा संजय निगम ने तकनीकी इनपुट साझा किए। महाप्रबंधक आरडीएसएस नीरज कुचया और अधीक्षण अभियंता कटनी डीएन चौकीकर ने जिले की वर्तमान चुनौतियों और उपलब्धियों का ब्यौरा पेश किया। बैठक में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी कार्यपालन अभियंताओं को टीम वर्क के साथ शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।

Tags

Leave a Reply

Ad with us

Contact us : admin@000miles.com

Admin

Kailash Pandey
Anuppur
(M.P.)

Categories

error: Content is protected !!