गैस रिसाव से रेलवे में हड़कंप, जबलपुर आने वाली राजधानी समेत 6 ट्रेनें रुकीं

जबलपुर। जबलपुर के भिटौनी स्थित भारत पेट्रोलियम डिपो आ रही एक मालगाड़ी में गैस रिसाव की घटना से हड़कंप मच गया। पनवेल, महाराष्ट्र से रवाना हुई 32 वैगन वाली यह एलपीजी मालगाड़ी जब रविवार रात 9:30 बजे खंडवा स्टेशन के आउटर पर पहुंची, तब एक वैगन से भारी मात्रा में गैस रिसने का पता चला। घटना की गंभीरता को देखते हुए रेलवे ने तत्काल प्रभाव से खंडवा-इटारसी रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी और जबलपुर रेल मंडल को भी अलर्ट जारी किया गया।

​खंडवा कलेक्टर और एसपी की मौजूदगी में रेस्क्यू

​गैस की तेज गंध फैलते ही खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता और एसपी मनोज कुमार राय प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंच गए। ट्रेन का स्टाफ बदलते समय नई टीम ने इस रिसाव को पकड़ा था। अधिकारियों के निर्देश पर तकनीकी दल ने 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रिसाव वाले 1 वैगन को बाकी 31 वैगनों से काटकर अलग किया। सुरक्षा के लिहाज से इस वैगन को मुख्य लाइन से दूर आइसोलेट कर दिया गया और रिसाव वाले हिस्से को गीली रेत व बारदान से ढंक दिया गया। स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित करने के लिए पीथमपुर से विशेषज्ञों की विशेष टीम बुलाई गई।

​जबलपुर डिपो में सुरक्षा के विशेष इंतजाम

​जबलपुर के भिटौनी स्थित गंतव्य स्थल पर इस मालगाड़ी का इंतजार कर रहे अधिकारियों ने सुरक्षा प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिया। रिसाव वाले वैगन को खंडवा में ही रोकने के बाद शेष 31 वैगनों को रात 12:30 बजे के बाद जबलपुर के लिए रवाना किया गया। जबलपुर पहुंचने पर भी विशेषज्ञों की टीम ने रैक की दोबारा जांच की ताकि खाली करने की प्रक्रिया के दौरान कोई अन्य तकनीकी समस्या न आए। भिटौनी डिपो प्रबंधन ने पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट तलब की है और आगामी रैक की लोडिंग-अनलोडिंग के लिए विशेष निगरानी दल तैनात किया है।

​राजधानी समेत 6 एक्सप्रेस ट्रेनें रहीं प्रभावित

​इस आपातकालीन स्थिति और बचाव कार्य के कारण दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग करीब 3 घंटे तक बाधित रहा। खंडवा के पास ट्रैक बंद होने से राजधानी एक्सप्रेस और मंगला एक्सप्रेस जैसी 6 महत्वपूर्ण गाड़ियां प्रभावित हुईं, जिन्हें अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। रात 12:30 बजे जब रिसाव वाले वैगन को पूरी तरह सुरक्षित कर लिया गया, तब कहीं जाकर रेल मार्ग बहाल हो सका। जबलपुर रेल मंडल के परिचालन विभाग ने देरी से चल रही ट्रेनों को प्राथमिकता के आधार पर निकालने के निर्देश दिए ताकि यात्रियों को कम से कम असुविधा हो।

Tags

Leave a Reply

Ad with us

Contact us : admin@000miles.com

Admin

Kailash Pandey
Anuppur
(M.P.)

Categories

error: Content is protected !!