

अनूपपुर | पुलिस अधीक्षक श्री मोती उर रहमान के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक इसरार मंसूरी व एसडीओपी सुमित केरकेट्टा के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए Gulf Oil Lubricants India Limited कंपनी का नकली डीईएफ यूरिया बेचने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 6 जून 2025 को पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली कि अमरकंटक तिराहे के समीप स्थित जायसवाल मोटर पार्ट्स की दुकान पर ट्रकों में उपयोग होने वाला Gulf Oil Lubricants India का डीईएफ यूरिया नकली रूप में बेचा जा रहा है।
सूचना पर तत्काल थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद जैन के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक गोविंद प्रसाद पनिका, प्रधान आरक्षक विनय बैस, रितेश सिंह, ज्ञानेन्द्र पासी व आरक्षक प्रकाश तिवारी की टीम ने दबिश देकर दुकान से Golf Ad Blue R Max नाम से 20 लीटर के शीलबंद नकली डीईएफ यूरिया के डिब्बे जब्त किए।
पुलिस ने दुकान संचालक उमेश जायसवाल पिता मोतीलाल जायसवाल (उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम किरगी हर्रा टोला, थाना राजेंद्रग्राम, हाल पता उज्जवल कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 13, अनूपपुर) के खिलाफ प्रकरण क्रमांक 01/25 के तहत धारा 106 बीएनएसएस में मामला दर्ज कर उत्पाद के सैम्पल को सिलवासा (दमन-दीव) स्थित संबंधित कंपनी की लैब में परीक्षण के लिए भेजा। परीक्षण में डीईएफ यूरिया नकली पाए जाने पर आरोपी उमेश जायसवाल के विरुद्ध अपराध क्रमांक 330/25 धारा 318(4) बीएनएसएस के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आम जनता और वाहन चालकों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही डीईएफ यूरिया खरीदें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।



Leave a Reply