“उमरिया के हैंडबॉल सितारे राष्ट्रीय मंच पर चमके – अनुराग यादव का चयन, कृष्णा झारिया संभालेंगे मध्यप्रदेश की कमान!”


उमरिया, 7 फरवरी – खेल प्रतिभाओं की नर्सरी के रूप में प्रसिद्ध उमरिया अब हैंडबॉल में भी अपनी राष्ट्रीय पहचान स्थापित कर रहा है। राष्ट्रीय खेल उत्तराखंड में जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ी अनुराग यादव ने अपनी जगह बनाई है, जबकि प्रशिक्षक कृष्णा झारिया को मध्यप्रदेश हैंडबॉल टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भारत सरकार और इंडियन ओलंपिक संघ द्वारा आयोजित राष्ट्रीय खेलों का शुभारंभ 28 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देहरादून में किया। मध्यप्रदेश से 335 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय खेलों में जगह बनाई है, जिसमें उमरिया के हैंडबॉल प्रशिक्षण केंद्र के अनुराग यादव पूरे शहडोल संभाग के एकमात्र खिलाड़ी हैं जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है।
खेल में उमरिया की बुलंद उड़ान
धावड़ा कॉलोनी निवासी अनुराग यादव, जिन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सज्जन स्कूल उमरिया से प्राप्त की और वर्तमान में रणविजय प्रताप सिंह महाविद्यालय के छात्र हैं, नगर पालिका स्टेडियम में प्रशिक्षक कृष्णा झारिया के निर्देशन में नियमित प्रशिक्षण ले रहे हैं। उनके चयन से न केवल जिले बल्कि पूरे संभाग में हर्ष की लहर दौड़ गई है।
कोच कृष्णा झारिया को पुनः राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी
राष्ट्रीय एनआईएस कोच कृष्णा कुमार झारिया को मध्यप्रदेश हैंडबॉल टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। इससे पूर्व वे राष्ट्रीय खेल गोवा, खेलो इंडिया हरियाणा, गुजरात, दिल्ली सहित कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी कोचिंग का लोहा मनवा चुके हैं। उनके मार्गदर्शन में उमरिया के खिलाड़ियों ने निरंतर राष्ट्रीय स्तर पर उम्दा प्रदर्शन किया है।
खेल संरचना में प्रशासन की अहम भूमिका
उमरिया के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के नेतृत्व में नगर पालिका स्टेडियम में संचालित प्रशिक्षण केंद्र को कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के सहयोग से लगातार सशक्त बनाया जा रहा है। हॉकी और हैंडबॉल खिलाड़ियों को निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान करने के प्रयासों का ही परिणाम है कि जिले को खेलों में नई पहचान मिल रही है।
हैंडबॉल में उमरिया की चमक
पिछले दो वर्षों में उमरिया के कई खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर दमदार प्रदर्शन कर चुके हैं। इस बार 40 वर्षों में पहली बार मध्यप्रदेश की हॉकी टीम ने भी राष्ट्रीय खेलों के लिए पात्रता प्राप्त की, जो कि जिले के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम उपलब्धि है।
बधाइयों का तांता
जिले के होनहार खिलाड़ी अनुराग यादव और कोच कृष्णा झारिया की इस उपलब्धि पर कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू, जिला खेल अधिकारी प्रतिपाल सिंह महोबिया, क्रीड़ा अधिकारी जितेंद्र सिंह, जिला हैंडबॉल संघ अध्यक्ष राकेश बर्मन सहित जिले के तमाम खेल प्रेमियों ने बधाई दी है।
गजेंद्र द्विवेदी
जनसंपर्क अधिकारी
उमरिया
Leave a Reply