
मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के बरगवां थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मकान के सेप्टिक टैंक से चार शव बरामद किए गए हैं। इससे इलाके में सनसनी फैल गई है, और पुलिस ने सामूहिक हत्या की आशंका जताई है।
यह मकान हरि प्रसाद प्रजापति का बताया जा रहा है, जिनका 30 वर्षीय बेटा सुरेश प्रजापति 1 जनवरी को कुछ लोगों के साथ यहां पार्टी कर रहा था। स्थानीय लोगों ने अगले दिन सुबह सुरेश को घर पर देखा था, लेकिन उसके बाद से वह और उसके पिता लापता हैं।
शनिवार को पड़ोसियों को सेप्टिक टैंक से बदबू आने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सेप्टिक टैंक से चार शव बरामद किए, जिनमें से दो की पहचान बरगवां के निवासियों के रूप में हुई है, जबकि दो अन्य की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला, पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा, और एसडीओपी मोरवा के.के. पाण्डेय मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस ने सामूहिक हत्या की आशंका जताई है और मकान मालिक हरि प्रसाद प्रजापति और उनके बेटे सुरेश प्रजापति की तलाश की जा रही है, जो घटना के बाद से लापता हैं। स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है, और पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।



Leave a Reply