
अनूपपुर पुलिस ने पुणे से युवती को ढूंढ परिजनों को सौंपा
अनूपपुर
पुलिस की कड़ी मेहनत और सतर्कता ने एक परिवार को उनकी ढाई वर्षों से लापता बेटी से मिला दिया। कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने पुणे (महाराष्ट्र) से 22 वर्षीय युवती राखी रौतेल को ढूंढकर परिजनों को सुरक्षित सौंपा। इस सफलता के बाद परिवार ने अनूपपुर पुलिस को धन्यवाद दिया।
गौरतलब है कि 2 फरवरी 2022 को बरबसपुर निवासी सुमित्रा रौतेल ने अपनी 20 वर्षीय बेटी के गुम हो जाने की रिपोर्ट थाना कोतवाली में दर्ज कराई थी। गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद, पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान के निर्देश पर गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
इस मामले में थाना प्रभारी अरविंद जैन के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक सतानंद कोल और आरक्षक पूर्णानंद मिश्रा ने अथक प्रयास कर युवती को पुणे के राजनगांव से दस्तयाब किया।
ढाई साल बाद बेटी से मिलने की खुशी में परिवार ने कहा, यह दिन हमारे लिए किसी चमत्कार से कम नहीं है। अनूपपुर पुलिस ने जो किया है, वह हमारी उम्मीदों से बढ़कर है।
यह घटना पुलिस विभाग की सक्रियता और कर्तव्यपरायणता का उत्कृष्ट उदाहरण है। अनूपपुर पुलिस का यह प्रयास जिले में गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश अभियान की सफलता है।



Leave a Reply