

कलेक्टर हर्षल पंचोली की सख्ती लापरवाही पर अधिकारियों-कर्मचारियों पर जुर्माना
अनूपपुर।
जनहित और शासन की मंशा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाते हुए, कलेक्टर हर्षल पंचोली ने सीएम हेल्पलाइन और जन आकांक्षा पोर्टल पर लंबित शिकायतों के अनुचित प्रबंधन को गंभीरता से लिया है। शिकायतों को बिना तथ्यपरक निराकरण के कार्यक्षेत्र से बाहर करने और समयसीमा का पालन न करने पर उन्होंने सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों पर आर्थिक जुर्माना लगाया गया है।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि हितग्राहियों को समय पर लाभ देना शासन की प्राथमिकता है, और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतों के अनुचित निराकरण से आम जनता को अनावश्यक परेशानी होती है, जिसे रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।
लापरवाही पर आर्थिक दंड
कलेक्टर ने तहसीलदार पुष्पराजगढ़ गौरी शंकर शर्मा, नगर परिषद जैतहरी के सहायक राजस्व निरीक्षक अवधेश बीझी, एसडीएम कार्यालय अनूपपुर की कार्यालय सहायक सह डाटा एंट्री ऑपरेटर शशि पनिका, और तहसील कार्यालय अनूपपुर के कार्यालय सहायक सह डाटा एंट्री ऑपरेटर ललित कुमार मार्को पर एक-एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
शासन की मंशा के प्रति प्रतिबद्धता
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को यह राशि जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी के बैंक खाते में जमा कराने और पावती लोक सेवा प्रबंधन शाखा में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। यह कदम जन शिकायतों के पारदर्शी और समयबद्ध निपटारे के प्रति कलेक्टर की गंभीरता को दर्शाता है
यह कार्रवाई न केवल अधिकारियों-कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारी के प्रति सजग करेगी बल्कि जनता को यह विश्वास दिलाएगी कि उनकी शिकायतों का समाधान शासन की प्राथमिकता है। कलेक्टर हर्षल पंचोली की यह पहल जनता और प्रशासन के बीच विश्वास को और मजबूत करेगी।
“सख्त प्रशासक, जिम्मेदार प्रशासन”
कलेक्टर हर्षल पंचोली की इस सख्ती से जनता की समस्याओं को टालने और शासन की मंशा को नजरअंदाज करने वालों की नीद उड़ी है ।



Leave a Reply