चंदन चोरी का विरोध करने पर बुजुर्ग की चाकू मारकर हत्या

रीवा।जिले के नौबस्ता क्षेत्र में चंदन का पेड़ चोरी होने का विरोध करना एक बुजुर्ग के लिए जानलेवा साबित हुआ। शुक्रवार को हुई पेड़ की चोरी के बाद उपजे विवाद के चलते बदमाशों ने शनिवार सुबह करीब 11.30 बजे उमाकांत मिश्रा पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मुख्य आरोपी राहुल पाठक की तलाश शुरू कर दी गई है।

पुरानी रंजिश बनी वारदात की वजह

​परिजनों के अनुसार उमाकांत मिश्रा के घर के आंगन में लगा कीमती चंदन का पेड़ दो दिन पहले बदमाशों ने काट लिया था। इस चोरी की घटना का उमाकांत ने कड़ा विरोध किया था और आरोपियों को खरी-खोटी सुनाई थी। इसी बात से नाराज होकर बदमाश उनसे रंजिश रखने लगे थे। शनिवार सुबह जब उमाकांत अपने घर के पास थे, तभी आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। खून से लथपथ हालत में बुजुर्ग को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

​इस मामले में मृतक के परिजन अरुण कुमार मिश्रा ने नौबस्ता पुलिस चौकी पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि पेड़ चोरी की घटना के तत्काल बाद पुलिस को लिखित शिकायत देकर अपनी जान का खतरा बताया गया था। परिजनों के मुताबिक यदि पुलिस समय रहते शिकायत पर संज्ञान लेती और आरोपियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करती, तो शायद इस जघन्य हत्याकांड को टाला जा सकता था। फिलहाल मुख्य आरोपी राहुल पाठक पुलिस की पकड़ से बाहर है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है।

Tags

Leave a Reply

Ad with us

Contact us : admin@000miles.com

Admin

Kailash Pandey
Anuppur
(M.P.)

Categories

error: Content is protected !!