
ग्वालियर । पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। झांसी रोड थाना पुलिस ने पुलिस प्रशिक्षण शाला तिघरा में पदस्थ टीआई रूपेश शर्मा के खिलाफ दुष्कर्म और धोखाधड़ी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। यह कार्रवाई एक 38 वर्षीय विधवा महिला की लिखित शिकायत और प्राथमिक जांच के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर की गई है।
सोशल मीडिया पर दोस्ती और विवाह का झूठा वादा
पीड़ित महिला शहर की एक पॉश कॉलोनी में बुटीक का संचालन करती है। कुछ वर्ष पूर्व उसके पति का स्वर्गवास हो गया था, जिसके बाद से वह अपने बच्चे के साथ रह रही है। महिला की जान-पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से टीआई रूपेश शर्मा से हुई थी। आरोपी ने महिला से बातचीत के दौरान स्वयं को अविवाहित बताया और उसे प्रेम जाल में फंसा लिया। विश्वास जीतने के बाद आरोपी ने महिला के सामने विवाह का प्रस्ताव रखा, जिससे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं।
शारीरिक शोषण का आरोप
आरोपी इंस्पेक्टर रूपेश शर्मा ने विवाह का झांसा देकर महिला के घर आना-जाना शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान उसने महिला की मर्जी के बिना उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब महिला ने इस पर आपत्ति जताई, तो आरोपी ने जल्द ही सामाजिक रूप से विवाह करने का आश्वासन देकर उसे शांत करा दिया। लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने के बाद जब महिला ने शादी के लिए दबाव बनाना शुरू किया, तो आरोपी टालमटोल करने लगा और बहाने बनाने लगा।
सच सामने आने पर दी धमकी
आरोपी के व्यवहार में आए बदलाव के बाद महिला को संदेह हुआ और उसने अपने स्तर पर जानकारी एकत्रित की। जांच में महिला को पता चला कि रूपेश शर्मा पहले से शादीशुदा है और उसके 2 बच्चे भी हैं। इस धोखे का विरोध करने पर आरोपी ने महिला को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इसके बाद पीड़िता ने झांसी रोड थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच की और रात करीब 1 बजे आरोपी टीआई के विरुद्ध अपराध क्रमांक दर्ज कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।


Leave a Reply