डिंडोरी में रफ्तार का कहर: कैप्सूल वाहन ने 5 ग्रामीणों को रौंदा, सभी की मौत

डिंडोरी। जिले में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई है। गाड़ासरई थाना क्षेत्र के अंतर्गत किकरा तालाब गांव के पास एक तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने सड़क किनारे बैठे 5 लोगों को कुचल दिया। इस हृदय विदारक घटना में पांचों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में पिता-पुत्र भी शामिल हैं। यह हादसा जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर उस समय हुआ जब ग्रामीण एक पारिवारिक कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे।

​खराब वाहन के कारण सड़क किनारे रुके थे ग्रामीण

​परसवाह गांव के रहने वाले ग्रामीण सिलयारी गांव में आयोजित एक चौक कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। वे एमपी 65 जेडडी 1118 नंबर की पिकअप गाड़ी में सवार थे। रात करीब 12:30 बजे किकरा तालाब गांव के पास पिकअप का टायर पंक्चर हो गया। चालक गाड़ी को सड़क किनारे खड़ी कर टायर बदलने लगा। इस दौरान वाहन में सवार लोग नीचे उतरकर पास ही जमीन पर बैठकर आपस में बातचीत करने लगे। इसी बीच अमरकंटक की दिशा से आ रहे तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन क्रमांक एमपी 19 जेडओ 9351 ने अनियंत्रित होकर इन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो लोग हवा में करीब 10 फीट ऊपर उछल गए।

​तबाही मचाते हुए 300 मीटर दूर जाकर रुका वाहन

​कैप्सूल वाहन ने न केवल इंसानों को रौंदा बल्कि सड़क किनारे स्थित सार्वजनिक संपत्तियों को भी भारी नुकसान पहुंचाया। लोगों को कुचलने के बाद बेकाबू वाहन ने पास बनी एक छोटी मढ़िया, बिजली के पोल और यात्री प्रतीक्षालय को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर के कारण बिजली का खंभा और प्रतीक्षालय पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बावजूद वाहन की गति इतनी अधिक थी कि वह घटनास्थल से करीब 300 मीटर आगे जाकर रुक पाया। हादसे में कन्हैया के पुत्र 20 वर्षीय उदय प्रताप को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए गाड़ासरई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया है।

​जिला प्रशासन द्वारा आर्थिक सहायता की घोषणा

​हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस बल के साथ कलेक्टर अंजू भदौरिया और एसपी वाहिनी सिंह मौके पर पहुंचीं। प्रशासन ने स्थिति का जायजा लेते हुए मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का एलान किया है। कलेक्टर के अनुसार प्रत्येक मृतक के परिवार को रेड क्रॉस सोसायटी की ओर से 50000 रुपए की तात्कालिक सहायता प्रदान की जा रही है। इसके साथ ही संबल योजना के प्रावधानों के तहत परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी। प्रशासन ने मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।

​दुर्घटना का शिकार हुए मृतकों का विवरण

​प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे का शिकार हुए सभी लोग आपस में रिश्तेदार थे जो अलग-अलग गांवों के निवासी थे। इस भीषण दुर्घटना में अपनी जान गंवाने वालों की सूची इस प्रकार है:

  1. ​राज करण वनवासी, आयु 35 वर्ष, पिता द्वारका वनवासी, निवासी परसवाह।
  2. ​बिहारी, आयु 50 वर्ष, पिता पवर सिंह, निवासी करबे मट्ठा।
  3. ​बिहारी का पुत्र, आयु 32 वर्ष, निवासी करबे मट्ठा।
  4. ​पवन मरावी, आयु 35 वर्ष, पिता जयराम, निवासी परसवाह।
  5. ​बिसाहू धुर्वे, आयु 58 वर्ष, पिता मंगलू धुर्वे, निवासी उफरी।

Tags

Leave a Reply

Ad with us

Contact us : admin@000miles.com

Admin

Kailash Pandey
Anuppur
(M.P.)

Categories

error: Content is protected !!