नशा तस्करों को छोड़ने वाले पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज,थाना प्रभारी सहित 4 सस्पेंड

एनडीपीएस एक्ट की अनदेखी पर आईजी ने की सख्त कार्रवाई

जबलपुर । जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े एनडीपीएस मामलों में पुलिस की गंभीर लापरवाही उजागर हुई है। इस मामले में जबलपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद वर्मा ने कड़ा रुख अपनाते हुए पनागर थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार समेत एक उप निरीक्षक और दो सहायक उप निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई विभागीय समीक्षा के दौरान सामने आई अनियमितताओं के बाद की गई है। पुलिस महानिरीक्षक ने जांच में पाया कि तीन प्रमुख प्रकरणों में गांजा तस्करों को पकड़ने के बावजूद पुलिस टीम ने उन्हें छोड़ दिया था। एनडीपीएस कानून के स्पष्ट प्रावधानों के अनुसार इन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाना अनिवार्य था, लेकिन थाना स्तर पर नियमों की धज्जियां उड़ाई गईं। आईजी ने इस आचरण को कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही और तस्करी को बढ़ावा देने वाला माना है। निलंबन के अलावा आईजी ने जिले के अन्य पुलिस अधिकारियों पर भी शिकंजा कसा है। समीक्षा में संतोषजनक कार्य न पाए जाने पर गढ़ा, लार्डगंज, ग्वारीघाट, अधारताल, मझौली और गोहलपुर के थाना प्रभारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। इन अधिकारियों से पूछा गया है कि एनडीपीएस के मामलों में उनके द्वारा बरती गई ढिलाई पर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों न की जाए। वर्तमान में विभाग के भीतर इस प्रशासनिक फेरबदल और कार्रवाई से हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। पुलिस महानिरीक्षक ने स्पष्ट किया है कि अपराध और अपराधियों के प्रति किसी भी प्रकार की नरमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Tags

Leave a Reply

Ad with us

Contact us : admin@000miles.com

Admin

Kailash Pandey
Anuppur
(M.P.)

Categories

error: Content is protected !!