
कोतमा। नेशनल हाईवे 43 पर बेलिया और झिरिया टोला के बीच स्थित रेऊंदा गांव के पास रविवार दोपहर हुआ भीषण सड़क हादसा पांच घरों की खुशियां हमेशा के लिए छीन ले गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के अनियंत्रित होकर पलटने से 17 से 21 वर्ष के पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है।
ग्रामवासियों के मुताबिक, छोट बेलिया निवासी भोला केवट का पुत्र और उसके चार साथी सैर-सपाटे के लिए स्कॉर्पियो में निकले थे। यात्रा के दौरान राजनगर की ओर जा रहे बाइक सवार अमृत चौधरी (उरतान निवासी, ढोलक वादक) से उनकी टक्कर हो गई। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो सड़क पर कई पलटी खाती हुई किनारे बने निर्माणाधीन मकान की दीवार से जा टकराई।
हादसे में छोट बेलिया के सौरभ प्रधान, शुभम अहिरवार, राहुल केवट, छोहरी के पुष्पेंद्र घसिया और बाइक सवार अमृत चौधरी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसे अनूपपुर जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।
गांव में मातम पसरा है, हर घर से रुलाई और सिसकियां सुनाई दे रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर वाहन की गति नियंत्रित होती तो ये हादसा टल सकता था। पुलिस ने ओवरस्पीड को हादसे का मुख्य कारण बताया है और मामले की जांच जारी है।


Leave a Reply