Globe’s most trusted news site

गर्मी में पानी की किल्लत न हो— राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल का सख्त निर्देश

गर्मी में पानी की किल्लत न हो— राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल का सख्त निर्देश



हैंडपंप मरम्मत से लेकर जल जीवन मिशन तक— पेयजल संकट दूर करने की रणनीति तैयार
अनूपपुर, 27 मार्च 2025 | गर्मी के मौसम में जिले के हर नागरिक को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जल जीवन मिशन के तहत संचालित सभी योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए ताकि आमजन को समुचित पेयजल उपलब्ध हो। जो योजनाएँ लगभग पूर्ण हो चुकी हैं, उनका लाभ तुरंत नागरिकों तक पहुँचाया जाए।

पेयजल संकट से जूझ रहे क्षेत्रों की हुई समीक्षा
राज्यमंत्री श्री जायसवाल आज कलेक्ट्रेट कार्यालय के नर्मदा सभागार में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री तन्मय वशिष्ठ शर्मा, अपर कलेक्टर श्री दिलीप पाण्डेय समेत जिले के नगर पालिका व जनपद अध्यक्ष तथा संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि जिले में 31 बसाहटों को पेयजल संकटग्रस्त के रूप में चिह्नित किया गया है, जिनमें पुष्पराजगढ़ की 22, अनूपपुर की 2, कोतमा की 2 और जैतहरी की 5 बसाहटें शामिल हैं। इस पर मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन सभी स्थानों पर तुरंत जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

हैंडपंपों की मरम्मत होगी प्राथमिकता
गर्मी के दौरान लोगों को पानी के लिए संघर्ष न करना पड़े, इसे ध्यान में रखते हुए खराब हैंडपंपों और ट्यूबवेलों की तत्काल मरम्मत करने के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री ने कहा कि प्रशासनिक अमला स्वयं क्षेत्रों का निरीक्षण कर जल जीवन मिशन के कार्यों की जमीनी हकीकत जाने और यह सुनिश्चित करे कि कोई भी बस्ती पानी के लिए न तरसे।

जल संरक्षण को लेकर विशेष जोर
बैठक के दौरान राज्यमंत्री ने अधिकारियों को जल संरक्षण की दिशा में भी गंभीर प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमिगत जल स्तर को सुधारने के लिए वर्षा जल संचयन और अन्य उपायों पर जोर दिया जाए। साथ ही, जनसामान्य को जागरूक किया जाए कि वे पानी बचाने की आदत डालें।

हर घर तक पानी पहुँचाना सरकार की प्राथमिकता
मंत्री श्री जायसवाल ने स्पष्ट किया कि सरकार की मंशा है कि गर्मी के मौसम में किसी भी नागरिक को जल संकट का सामना न करना पड़े। जल आपूर्ति से संबंधित किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अधिकारियों से अपील— ज़मीनी स्तर पर काम करें
मंत्री ने कहा कि अधिकारियों को कागज़ी कार्यवाही से आगे बढ़कर मैदान में उतरना होगा। जनता की जरूरतों को समझते हुए सक्रिय कार्ययोजना बनाकर हर घर तक जल पहुँचाने का प्रयास किया जाए।

(अनूपपुर से विशेष रिपोर्ट)

Leave a Reply

Ad with us

Contact us : admin@000miles.com

Admin

Kailash Pandey
Anuppur
(M.P.)

Categories

error: Content is protected !!