
शासकीय तुलसी महाविद्यालय के सामने छात्र ने धारदार हथियार से दी धमकी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
अनूपपुर। शासकीय तुलसी महाविद्यालय के बाहर गुरुवार दोपहर एक छात्र द्वारा धारदार हथियार लेकर धमकी देने और गाली-गलौच करने का मामला सामने आया। इस घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की जानकारी देते हुए लालजी पटेल पिता मूलचन्द पटेल (22 वर्ष), निवासी ग्राम पोड़ीखुर्द, अनूपपुर ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई कि वह एम.ए. द्वितीय वर्ष का छात्र है। जब उसने कॉलेज परिसर में बी.ए. प्रथम वर्ष के छात्र को गाली देने से रोका, तो आरोपी ने कॉलेज के बाहर सड़क पर जाकर लोहे का धारदार बका लहराते हुए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और धमकी दी।
शिकायत के आधार पर थाना प्रभारी अरविंद जैन ने मामले में अपराध क्रमांक 138/25 के तहत धारा 296, 115 (2), 351(3) बी.एन.एस. और 25 (बी) आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया। कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक संतोष वर्मा, प्रधान आरक्षक रीतेश सिंह, संदीप साहू एवं आरक्षक अब्दुल कलीम शामिल रहे। पुलिस टीम ने सूरज श्रीवास्तव (21 वर्ष), निवासी शांति नगर, अनूपपुर को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से लोहे का धारदार बका बरामद कर लिया है।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और पूछताछ जारी है।



Leave a Reply