
अमरकंटक। मध्यप्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग एवं राज्य स्तरीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रकोष्ठ, भोपाल द्वारा अमरकंटक में आयोजित राज्य स्तरीय नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर के तीसरे दिन एक अनोखा दृश्य देखने को मिला। जिस पत्रकारिता जगत के लोग खबरें बनाते हैं, वे खुद इस बार सुर्खियों में आ गए।
शिविर के सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम में प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के पत्रकारों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। नई दुनिया के वरिष्ठ पत्रकार धनंजय तिवारी, दैनिक समय, ग्लोबल टुडे, द हितवाद और विंध्यसत्ता के संवाददाता श्रवण कुमार उपाध्याय, पत्रिका के पत्रकार सोमू दुबे एवं बीएसपी 24 न्यूज के बिपुल बर्मन इस अवसर पर विशेष रूप से मौजूद रहे।


ज्ञान और संस्कृतियों का संगम
कार्यक्रम की शुरुआत में ज्ञान की देवी मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। राज्य एनएसएस अधिकारी एवं कार्यक्रम संचालक राहुल सिंह परिहार ने सभी अतिथियों का शाल, श्रीफल और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
इस दौरान राज्य एनएसएस अधिकारी डॉ. मनोज कुमार अग्निहोत्री ने कहा,
“आज खबरें लिखने वाले पत्रकार स्वयं खबर बन गए हैं। वे न केवल इस आयोजन का हिस्सा बने बल्कि एनएसएस स्वयंसेवकों की सामुदायिक सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।”
मुख्य अतिथि धनंजय तिवारी ने कहा कि,
“प्रदेश के कोने-कोने से आए 600 स्वयंसेवकों को नेतृत्व कौशल, व्यक्तित्व विकास और चरित्र निर्माण का प्रशिक्षण देना एक सराहनीय प्रयास है। इस शिविर में शामिल होकर हम पत्रकार भी गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।”

रंगारंग सांस्कृतिक संध्या
कार्यक्रम में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (इंदौर), रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (जबलपुर) और विक्रम विश्वविद्यालय (उज्जैन) के स्वयंसेवकों ने जनजातीय लोक नृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक और कविता वाचन जैसी बेहतरीन प्रस्तुतियां दीं।
इस अनूठे सांस्कृतिक कार्यक्रम को देखकर मीडिया प्रतिनिधियों ने स्वयंसेवकों की प्रतिभा की भूरि-भूरि प्रशंसा की और कहा कि रासेयो शिविर युवाओं को सशक्त बनाने और राष्ट्रसेवा की भावना जगाने का उत्कृष्ट माध्यम है।
कार्यक्रम का संचालन सिद्धांत जैन द्वारा किया गया।



Leave a Reply