



सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और हाईवे पर यातायात को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थर्मल रंबल स्ट्रिप (ब्रेकर) का निर्माण किया गया है। यह पहल विशेष रूप से ब्लैक स्पॉट और संवेदनशील मार्गों पर दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करने के उद्देश्य से की गई है।
अनूपपुर यातायात सुरक्षा अभियान के तहत हाईवे चौकी पुलिस द्वारा नेशनल हाईवे-43 के प्रमुख चौराहों, तिराहों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर इन रंबल स्ट्रिप्स को स्थापित किया गया है। इसका उद्देश्य तेज गति से दौड़ते वाहनों को नियंत्रित करना और रात में मार्ग को अधिक स्पष्ट बनाना है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका को न्यूनतम किया जा सके।



पुलिस अधीक्षक श्री मोती ऊर्रहमान के निर्देशन पर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत संभावित दुर्घटना स्थलों को चिन्हित कर वहां आवश्यक सुधार किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में थर्मल रंबल स्ट्रिप्स का निर्माण कराया गया है, जिससे वाहन चालकों को स्पीड कम करने के लिए संकेत मिलेगा और हाईवे पर मिलने वाले अन्य मार्गों को अधिक स्पष्ट रूप से पहचाना जा सकेगा।
इस पहल से हाईवे पर न केवल दुर्घटनाओं में कमी आएगी, बल्कि वाहन चालकों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव भी मिलेगा। पुलिस विभाग लगातार यह सुनिश्चित कर रहा है कि यातायात नियमों का पालन हो और सड़कें दुर्घटना मुक्त बनें।



Leave a Reply