






अनूपपुर – भाजपा सरकार की वादाखिलाफी और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने बड़ा मोर्चा खोल दिया है। 11 जनवरी को चांदपुर क्योटार तिराहा (जैतहरी) में “वादा निभाओ धरना प्रदर्शन एवं आमसभा” का आयोजन किया जाएगा। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और आयोजन संयोजक आशीष त्रिपाठी ने जानकारी दी कि यह प्रदर्शन भाजपा सरकार के झूठे वादों और किसानों के साथ अन्याय के खिलाफ कांग्रेस का सशक्त प्रतिरोध होगा।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें और मुद्दे
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस भाजपा सरकार पर किए वादों को पूरा करने का दबाव बनाएगी। पार्टी की प्रमुख मांगें हैं ।
1. जैतहरी, महुदा, धुरवासिन, कोतमा मार्ग का उन्नयन कार्य तुरंत शुरू किया जाए।
2. टकहुली तिराहा से गुंवारी मार्ग को मोजर बेअर प्रबंधन द्वारा उन्नत कराया जाए।
3. मोजर बेअर बैराज के जलभराव से प्रभावित ग्राम धुरवासिन के किसानों को उचित मुआवजा और पुनर्वास नीति के तहत रोजगार मिले।
4. बैराज से सिंचाई के लिए गुंवारी और चांदपुर के किसानों को जल उपलब्ध कराया जाए।
5. किसानों को धान का ₹3100 और गेहूं का ₹2700 प्रति क्विंटल भुगतान सुनिश्चित हो।
6. बैगा जनजातियों को जाति प्रमाण पत्र जारी कर योजनाओं का लाभ दिया जाए।
7. ग्राम कोलमी, पसला, और रक्सा क्षेत्रों में रेत खदान से गुजरने वाले ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाई जाए।
कांग्रेस का आक्रामक तेवर, नेतृत्व की मजबूती
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रमेश सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस के दिग्गज नेता हिस्सा लेंगे। मुख्य वक्ता सुखेन्द्र सिंह बन्ना, प्रभारी कांग्रेस कमेटी अनूपपुर, पुष्पराजगढ़ विधायक फुन्देलाल मार्को, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीती रमेश सिंह, पूर्व विधायक सुनील सराफ, और अन्य नेता इस आंदोलन को धार देंगे।
भाजपा के खिलाफ जनता की आवाज बुलंद करेगी कांग्रेस
आयोजकों ने क्षेत्रीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता से अपील की है कि वे इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करें। आशीष त्रिपाठी ने कहा, “यह कार्यक्रम जनता के हक और न्याय के लिए हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। भाजपा सरकार ने किसानों और जनता से वादाखिलाफी कर उनका भरोसा तोड़ा है, अब समय आ गया है कि उनकी नीतियों का पुरजोर विरोध किया जाए।”
राजनीतिक माहौल गर्माने की तैयारी
यह धरना प्रदर्शन कांग्रेस के चुनावी संघर्ष का बड़ा मंच बन सकता है। क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों और जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस का यह कदम भाजपा सरकार के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकता है।
जन समर्थन से सरकार को घेरने की कोशिश
धरना प्रदर्शन में हजारों की भीड़ जुटने की संभावना जताई जा रही है। यह कार्यक्रम न केवल जनता की आवाज बनेगा बल्कि आगामी चुनावों में कांग्रेस के लिए एक मजबूत राजनीतिक संदेश देगा।


Leave a Reply