



शहडोल, 14 दिसंबर।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहडोल जिले के बाणसागर डैम में स्थित सरसी आईलैंड का भव्य लोकार्पण करते हुए प्रदेश के पर्यटन को नई ऊंचाई देने का संकल्प व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्थल गोवा और अंडमान-निकोबार की अनुभूति कराता है और पर्यटकों के लिए एक अनूठा अनुभव प्रदान करेगा। सरसी आईलैंड को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व और संजय नेशनल पार्क से जोड़ने की योजना भी बनाई गई है, जिससे इसे और आकर्षक बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सरसी आईलैंड में बनाई गई आधुनिक सुविधाओं का निरीक्षण किया, जिसमें पर्यटक सुविधा केंद्र, वोट क्लब, आवासीय कक्ष, रेस्टोरेंट, जिम, लाइब्रेरी, चिल्ड्रन प्ले एरिया, सोलर सिस्टम, और जल पर्यटन गतिविधियां शामिल हैं। उन्होंने इसे मध्यप्रदेश के पर्यटन विकास का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए पर्यटन निगम के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री श्री राजेंद्र शुक्ला, पर्यटन मंत्री श्री धर्मेंद्र कुमार लोधी, और अन्य गणमान्य अतिथियों ने जल पर्यटन का आनंद लिया और कार्यक्रम में शामिल होकर इसे यादगार बनाया।
पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
सरसी आईलैंड में 29 करोड़ रुपए की लागत से पांच हेक्टेयर भूमि पर आधुनिक विकास कार्य किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाणसागर डैम में जल पर्यटन को बढ़ावा देकर इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि लोक कलाकारों और बाल कलाकारों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कृत किया जाएगा।
बाल और जनजातीय कलाकारों का सम्मान
सरसी आईलैंड पर आयोजित कार्यक्रम में जनजातीय कलाकारों ने परंपरागत कर्मा और शैला नृत्य प्रस्तुत कर मुख्यमंत्री का अभिवादन किया। विंध्य क्षेत्र की बाल कलाकार मान्या पांडे द्वारा दी गई प्रस्तुति से प्रभावित होकर मुख्यमंत्री ने उन्हें 51 हजार रुपए का पुरस्कार देने की घोषणा की।
खास आकर्षण
सरसी आईलैंड पर पर्यटकों के लिए स्पीड बोट, मिनी क्रूज, वोट क्लब, और वाटर स्पोर्ट्स की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा, पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए 40 किलोवाट सोलर सिस्टम स्थापित किया गया है।
पर्यटन मंत्री ने बांटे पुरस्कार
पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र कुमार लोधी ने मानपुर में आयोजित पर्यटन क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया। विजेताओं को स्वाती तिवारी, दुर्गा नामदेव, और गौरव शुक्ला के रूप में पुरस्कार दिए गए।
मुख्यमंत्री का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा, “अजब-गजब है म.प्र., यहां के पर्यटन स्थलों की विविधता देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश विकास के नए आयाम छू रहा है।”
सरसी आईलैंड का यह विकास न केवल शहडोल जिले बल्कि पूरे प्रदेश के पर्यटन को समृद्ध करेगा और स्थानीय रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा।










Leave a Reply