सिटीजन सर्विस पर करना होगा अप्लाई,नाम में अंतर होने पर जाना होगा आरटीओ, नई सुविधा शुरु,लेकिन प्रचार-प्रसार की कमी
जबलपुर। ये एक बड़ी राहत भरी खबर है कि यदि आपके आधार नंबर में दर्ज मोबाइल नंबर बदल भी जाता है तो आरटीओ में आप वाहन का रजिस्टे्रशन और ट्रांसफर करा सकते हैं। अब तक लोगों को आधार में मोबाइल नंबर बदलवाने में दो हफ्ते से ज्यादा का वक्त लगता था और इतने समय तक ही वाहन से जुड़ा काम रुका रहता था। लोगों को होने वाली परेशानी को देखते हुए केंद्रीय परिवहन विभाग की ओर से सीधे तौर पर मोबाइल नंबर अपडेट करने की सुविधा दी गई है। केंद्रीय परिवहन विभाग के पोर्टल वाहन-4.0 में आवेदक को अपना मोबाइल नंबर अपडेट करना होगा और ओटीपी आते ही वाहन से जुड़ा काम हो जाएगा।
-सिटीजन सर्विस पर करना होगा क्लिक
पोर्टल वाहन 4.0 पर जाकर सिटीजन सर्विस ऑप्शन पर क्लिक करना होगा। इसके नीचे दिए गए ऑप्शन में अपने वाहन की जानकारी दर्ज करना होगा। यहां आधार की जानकारी और नया मोबाइल नंबर दर्ज कर नंबर बदला जा सकता है। इसके बाद जब भी वाहन का ट्रांसफर या रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा तो इसी नंबर पर ओटीपी आएगा और शर्त ये भी है कि ये नया नंबर किसी दूसरे के नाम पर नहीं होना चाहिए।
-नाम में अंतर है तो जाना होगा आरटीओ
अगर आपके आधार में मोबाइल नंबर बदल गया है, साथ ही आधार और वाहन के रजिस्ट्रेशन कार्ड में दर्ज जानकारी में अंतर है। जैसे आधार कार्ड में पीयूष गोयल दर्ज है जबकि रजिस्ट्रेशन कार्ड में पीयूष कुमार लिखा है। ऐसे में मोबाइल नंबर बदलवाने के लिए क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) जाना होगा।
इसके लिए पोर्टल पर आवेदन कर उसका प्रिंट, आधार और किसी एक अन्य पहचान पत्र वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट लेकर आना होगा। आरटीओ में आपके आवेदन के आधार में मोबाइल नंबर अपडेट कर दिया जाएगा। इसके लिए आरटीओ में दो लोगों को अधिकृत किया गया है। यह सुविधा इसी महीने से शुरू की गई है।
-इस सुविधा के पीछे वजह क्या है
दरअसल, वाहन ट्रांसफर और ड्राइविंग लाइसेंस रिन्यू कराने जैसे कामों के लिए आवेदक के मोबाइल नंबर पर ओटीपी आता है। मोबाइल नंबर अपडेट नहीं होने की सूरत में ओटीपी नहीं मिलता है। ऐसे में लोगों के काम अटकते हैं। दूसरे शहरों में रहने वाले लोग जब किसी अन्य शहर में गाड़ी से संबंधित कार्य कराने जाते हैं तो उन्हें काफी परेशानियां आती हैं।
वर्जन
सुविधा से राहत मिलेगी
पोर्टल वाहन4.0 पर सिटीजन सर्विस पर जाकर आवेदन कर आधार में मोबाइल नंबर अपडेट कर सकते हैं। अगर आधार और रजिस्ट्रेशन कार्ड की जानकारी में अंतर है तो आप आरटीओ आकर नंबर अपडेट करा सकते हैं। इसके लिए पोर्टल पर आवेदन करना जरूरी है। नाम में अंतर होगा तो आरटीओ आना होगा।
–जितेंद्र रघुवंशी, आरटीओ





Leave a Reply