खंडवा। पति-पत्नी के विवाद की शिकायत लेकर थाने पहुंची एक महिला के लिए न्याय की तलाश मुसीबत बन गई। हरसूद थाने के थाना प्रभारी अमित कोरी पर आरोप है कि उन्होंने महिला की परेशानियों का फायदा उठाकर उसे बार-बार मोबाइल पर मैसेज कर ब्लैकमेल किया। महिला का आरोप है कि टीआई ने न केवल उसे धमकाया, बल्कि पति को छोड़ने और उनके साथ रहने के लिए दबाव बनाया।
पीड़िता का आरोप
महिला ने बताया कि टीआई ने पति-पत्नी के विवाद के समय उसका मोबाइल नंबर लिया था और बाद में सोशल मीडिया पर स्टॉकिंग शुरू कर दी। जब उसने विरोध किया तो धमकी दी और अकाउंट ब्लॉक करने पर घर आकर छेड़छाड़ करने की कोशिश भी की।
एसपी को दी शिकायत
परेशान महिला ने अपने स्वजनों के साथ खंडवा पहुंचकर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय को चैटिंग और वॉयस रिकॉर्डिंग के प्रमाण प्रस्तुत किए। इसके बाद एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए टीआई को लाइन अटैच कर दिया और जांच एएसपी ग्रामीण राजेश रघुवंशी को सौंपी।
जांच जारी
एएसपी राजेश रघुवंशी ने कहा कि शिकायत की जांच जारी है। दोनों पक्षों के बयान और साक्ष्य के आधार पर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। फिलहाल टीआई को लाइन अटैच कर दिया गया है।




Leave a Reply