Globe’s most trusted news site

10 वर्षीय बच्चे के अपहरण की कोशिश

10 वर्षीय बच्चे के अपहरण की कोशिश



चीख सुनकर सुरक्षाकर्मियों ने दो बदमाशों को पकड़ा, एक फरार,सिर पर किया वार

जबलपुर। केंद्रीय सुरक्षा संस्थान व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर के सामने स्थित खेल मैदान से 10 वर्षीय बच्चे के अपहरण की कोशिश की गई, घटना बुधवार की रात  उस समय हुई ,जब बालक अपने दोस्तों के साथ बास्केट बॉल खेल रहा था। तभी एक बाइक पर सवार होकर तीन लड़के आए और बच्चे को उठाने लगे। बालक ने शोर मचाया तो अपहरणकर्ताओं ने बच्चे के सिर पर भारी वस्तु से हमला किया और फिर जमीन पर पटक दिया, इसके बाद भी बच्चे ने हार नहीं मानी और चिल्लाता रहा। इस बीच शोर सुनकर व्हीकल फैक्ट्री के गेट नंबर एक पर तैनात सुरक्षाकर्मी दौड़े और तीन में से दो बदमाशों को पकड़ लिया। जबकि एक फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही रांझी थाना पुलिस का स्टाफ मौके पर पहुंचा और दोनों ही बदमाशों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से अब व्हीकल फैक्ट्री के शासकीय क्वार्टर में रहने वाले परिवार डर के साए में है।


-पकड़ा और सिर जमीन पर पटक दिया
10 वर्षीय बालक हर्ष रंजन ने बताया कि  बाइक सवारों ने पीछे से मुझे पकड़ लिया।  रोने पर मुंह बंद कर दिया। इसके बाद तीनों  जबरन बाइक में बैठाने लगे। बालक  उनसे छूटने की कोशिश कर रहा था पर वो  छोड़ने को ही तैयार नहीं थे। उसने बताया कि उसने शोर मचाना शुरू किया तो उन्होंने सिर पर कुछ मार दिया, जिससे खून निकलने लगा। बच्चे का कहना है कि तीनों  कौन है, वो नहीं जानता।
— आवाज सुनकर आए सुरक्षाकर्मी

बच्चे के चीखने की आवाज सुनकर गेट पर तैनात तीन  सुरक्षाकर्मी दौड़कर मौके पर पहुंचे। उन्होंने तीन में से दो बदमाशों को दबोच लिया जबकि एक बाइक लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत ही रांझी थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी मानस द्विवेदी ने दोनों बदमाशों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान बदमाशों ने बताया कि वह आधारताल के रहने वाले और उनके नाम मनीष बैन, अनीश बैन और समीर हैं। जानकारी के मुताबिक पुलिस गिरफ्त में आए दो बदमाश समीर और मनीष की जब सुरक्षाकर्मियों ने तलाशी ली तो उनके पास से चाकू भी बरामद हुआ। गिरफ्त में आया समीर रांझी, आधारताल क्षेत्र का शातिर बदमाश है।

-पिता के साथ कर्मचारी पहुंचे थाने
व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर में पदस्थ रवि रंजन के 10 साल के बेटे हर्ष का मैदान से अपहरण करने की कोशिश हुई है, यह जानकारी जब साथी कर्मचारियों को लगी तो बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंचे और पुलिस से मांग की है कि व्हीकल फैक्ट्री के आसपास बनी कालोनी में गश्त बढ़ाई जाए। कर्मचारी असीम दुबे ने बताया कि जिस दौरान दोनों बदमाशों को पकड़ा गया, उस समय ये लोग नशे में धुत थे। कर्मचारियों ने यह भी आशंका जताई है कि निश्चित रूप से ये लोग अपहरण करने के उद्देश्य से ही बच्चे के पास पहुंचे थे, पर बच्चे की बहादुरी के चलते ये लोग सफल नहीं हो पाए।एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि एक आरोपी अनीश अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। बदमाश आखिर बच्चे को क्यों उठाकर ले जा रहे थे, इसकी जांच की जा रही है।

Tags

Leave a Reply

Ad with us

Contact us : admin@000miles.com

Admin

Kailash Pandey
Anuppur
(M.P.)

Categories

error: Content is protected !!