
अनूपपुर। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार पूरे मध्यप्रदेश में चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन मुस्कान के तहत अनूपपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम और एसडीओपी नवीन तिवारी के मार्गदर्शन में कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को तेलंगाना राज्य के रंगारेड्डी जिले के थाना सादनगर के फारूख नगर से सुरक्षित दस्तयाब किया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
19 अप्रैल को दर्ज हुआ था मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार 19.04.2026 को 15 वर्षीय नाबालिग बालिका के अचानक घर से बिना बताए चले जाने और काफी तलाश करने के बाद भी न मिलने की सूचना परिजनों ने दी। इसके बाद थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 231/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद जैन के नेतृत्व में एक विशेष संयुक्त टीम का गठन किया गया। इस टीम में सहायक उपनिरीक्षक सतानंद कोल, प्रधान आरक्षक महेंद्र सिंह, आरक्षक दीपक बुंदेला और महिला आरक्षक कुंती शर्मा शामिल रहीं। साथ ही सायबर सेल अनूपपुर से प्रधान आरक्षक राजेंद्र अहिरवार और आरक्षक पंकज मिश्रा ने भी इस पूरी कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शादी का झांसा देकर ले गया था आरोपी
पुलिस टीम ने तकनीकी और मुखबिरों के माध्यम से लगातार पतासाजी की और नाबालिग को तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के थाना सादनगर अंतर्गत फारूख नगर से बरामद कर लिया। आरोपी गणेश सारथी पिता बिहारीलाल सारथी उम्र करीब 20 साल निवासी ग्राम सकरा अनूपपुर को गिरफ्तार कर लिया गया है। विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ग्राम सकरा का ही रहने वाला है और तेलंगाना में मजदूरी करता है। वह नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर बहला फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया था।
परिजनों को सौंपी गई बालिका
पुलिस ने सकुशल दस्तयाबी के बाद नाबालिग बालिका को परिजनों के सुपुرد कर दिया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई पर राहत की सांस ली है और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया है। कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा आरोपी गणेश सारथी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अग्रिम विवेचना और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


Leave a Reply