
जबलपुर। जबलपुर के रांझी क्षेत्र में हुए सनसनीखेज क्लेरेंस हत्याकांड में पुलिस जांच अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और क्राइम ब्रांच के साथ रांझी पुलिस की 4 टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं। इस मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जिससे इस पूरी साजिश की कड़ियां जुड़ती नजर आ रही हैं। पुलिस ने भरोसा जताया है कि अगले कुछ घंटों में हत्याकांड का विधिवत खुलासा कर दिया जाएगा।
रायपुर में जमीन विवाद से जुड़ी हत्याकांड की साजिश
इस पूरे हत्याकांड के पीछे रायपुर की 1 करोड़ रुपए मूल्य की एक विवादित प्रॉपर्टी मुख्य वजह बनकर सामने आई है। जांच में पता चला है कि सिविल इंजीनियर क्लेरेंस उर्फ राजा ने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक बड़ी जमीन का सौदा किया था। इस सौदे में क्लेरेंस के रिश्तेदार बाबा नेल्सन और उसका बेटा प्रिंस नेल्सन मध्यस्थ की भूमिका में थे। शुरुआत में यह मामला केवल कमीशन तक सीमित था, लेकिन बाद में प्रिंस और उसके पिता ने प्रॉपर्टी में हिस्सेदारी के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। इसी विवाद ने बाद में रंजिश का रूप ले लिया।
छिंदवाड़ा के कनेक्शन और कोर्ट केस का दबाव
मामले में पेचीदगी तब बढ़ी जब छिंदवाड़ा निवासी रोहित और भानू ने भी उसी जमीन पर एग्रीमेंट कर लिया। आरोपियों ने रोहित की बहन के नाम पर जमीन की रजिस्ट्री भी करा ली थी। इसकी जानकारी होने पर क्लेरेंस ने रायपुर कोर्ट में कानूनी लड़ाई शुरू कर दी। दूसरी ओर, रोहित और भानू ने क्लेरेंस के दस्तावेजों को फर्जी बताते हुए छिंदवाड़ा में भी शिकायत दर्ज कराई थी। कोर्ट केस वापस लेने के लिए क्लेरेंस पर लगातार दबाव डाला जा रहा था और उसे जान से मारने की धमकियां भी मिल रही थीं।
एक सप्ताह से हो रही थी रेकी और वीडियो कॉल पर धमकी
क्लेरेंस के करीबियों ने पुलिस को बताया कि लगभग 1 सप्ताह पहले एक दोस्त के मोबाइल पर वीडियो कॉल के जरिए क्लेरेंस को डराया गया था। इस कॉल में बाबा नेल्सन और प्रिंस नेल्सन ने प्रॉपर्टी से दावा न हटाने पर अंजाम भुगतने की बात कही थी। हमलावर कई दिनों से क्लेरेंस की दिनचर्या पर नजर रख रहे थे। वारदात वाले दिन गुरुवार सुबह 7:30 बजे जब वह अपने 5 साल के बेटे को स्कूल छोड़ने गया था, तब भी हमलावर उसके पीछे थे। हालांकि बच्चे की मौजूदगी के कारण उन्होंने तब हमला नहीं किया और क्लेरेंस के अकेले लौटने का इंतजार किया।
सीसीटीवी फुटेज और परिजनों के गंभीर आरोप
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर बाइक सवार दो हमलावर दिखाई दिए हैं। क्लेरेंस के चचेरे भाई रोनाल्डो ने पुलिस को दिए बयान में प्रिंस नेल्सन पर सीधा संदेह जताया है। रोनाल्डो के अनुसार, फुटेज में दिख रहे एक हमलावर की कद-काठी और शारीरिक बनावट प्रिंस से काफी मिलती-जुलती है। वारदात के बाद से ही आरोपी प्रिंस और उसके सहयोगी फरार हैं। पुलिस ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर जाल बिछा दिया है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी लोकेशन ट्रैक की जा रही है।


Leave a Reply