
जबलपुर। गोसलपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अनैतिक गतिविधियों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल विरासत स्पा सेंटर पर चल रहे देह व्यापार के नेटवर्क को ध्वस्त किया है। थाना प्रभारी गाजीवती पुसाम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम घुघरी निवासी सुखदेव पटेल अपने होटल में बाहरी क्षेत्रों से युवतियां बुलाकर अवैध देह व्यापार संचालित कर रहा है। पुलिस ने सूचना की तस्दीक के लिए एक पंटर को ग्राहक बनाकर भेजा। जैसे ही सौदा तय हुआ और पंटर ने संकेत दिया, पुलिस टीम ने होटल की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी।
पंटर की सूचना पर पुलिस की दबिश
होटल के काउंटर पर मौजूद संचालक सुखदेव पटेल को पुलिस ने हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से पंटर को दिए गए 500 रुपये और 100-100 के दो हस्ताक्षरित नोट बरामद हुए। होटल के कमरा नंबर 2 की जांच करने पर पनागर निवासी रामजी पटेल एक महिला के साथ मिला। पूछताछ में आरोपी ग्राहक ने स्वीकार किया कि उसने संचालक को 700 रुपये का भुगतान किया था। मौके पर मौजूद महिलाओं ने खुलासा किया कि उन्हें विशेष रूप से जबलपुर से बुलाया जाता था और प्रति ग्राहक 500 रुपये दिए जाते थे।
अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की कार्रवाई
पुलिस ने होटल से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है। मामले में संचालक सुखदेव पटेल और ग्राहक रामजी पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 और 8 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।


Leave a Reply