
दमोह। दमोह जिले में एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दमोह-सागर स्टेट हाईवे पर स्थित बासा तरखेड़ा गांव के समीप एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने कहर बरपाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा घटित हुआ, जिसमें दो सगे भाइयों सहित चार लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी।
बाइक और बोलेरो को रौंदते हुए निकला तेज रफ्तार ट्रक
हादसा उस वक्त हुआ जब तेज गति से आ रहे ट्रक ने सड़क पर जा रही एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस बाइक पर दो सगे भाई जीवन अहिरवार उम्र 33 वर्ष और सूरज अहिरवार उम्र 30 वर्ष सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाइयों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाइक को टक्कर मारने के बाद भी ट्रक नहीं रुका और अनियंत्रित होकर आगे चल रही एक बोलेरो गाड़ी से जा टकराया। बोलेरो में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। इस भिड़ंत के परिणामस्वरूप बोलेरो सवार राजू चौधरी उम्र 50 वर्ष और धर्मेंद्र सिखैया उम्र 32 वर्ष की भी मृत्यु हो गई।
पांच घायल अस्पताल में भर्ती
इस दोहरे हादसे में बोलेरो में सवार पांच अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही सागर नाका पुलिस चौकी प्रभारी विक्रम डांगी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस प्रशासन ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है, जबकि आरोपी चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की गिरफ्तारी के लिए तलाश शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से बासा तरखेड़ा क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।


Leave a Reply