
अनूपपुर। शासकीय एकीकृत कन्या माध्यमिक विद्यालय, अनूपपुर बस्ती में दिनांक 01 अप्रैल 2026 को प्रवेशोत्सव कार्यक्रम बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था प्रमुख अजय कुमार प्रसाद ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में वार्ड क्रमांक 14 की कंचन सिंह एवं विशेष अतिथि के रूप में वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद सुभाष पटेल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। तत्पश्चात अतिथियों द्वारा विद्यार्थियों का तिलक वंदन कर उनका स्वागत किया गया एवं शिक्षा के महत्व पर प्रेरणादायी उद्बोधन दिए गए।



इस अवसर पर अभिभावकों ,जनशिक्षक रामकुमार राठौर, शिक्षक सविता प्रजापति, एस. स्वाति राव, विद्या राठौर की सक्रिय सहभागिता रही। सभी शिक्षक एवं अतिथि शिक्षकों द्वारा छात्राओं को पुस्तकों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत कंचन सिंह, अजय कुमार, सविता, स्वाति राव, विद्या राठौर, मिथुन कहार एवं संतोष कुशवाहा द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
शैक्षणिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करते हुए कक्षा 1 से 8 तक प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को शैक्षणिक सामग्री कंपास बॉक्स तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को रजिस्टर वितरित किए गए। साथ ही डालियां मैडम द्वारा सभी बच्चों को फ्रूटी वितरित कर उन्हें प्रोत्साहित किया गया। उल्लेखनीय है कि कक्षा 1 से 8 तक सभी छात्राओं की उपस्थिति शत-प्रतिशत रही।
कार्यक्रम के समापन पर संस्था प्रमुख अजय कुमार प्रसाद ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। यह प्रवेशोत्सव न केवल शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला रहा, बल्कि छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सशक्त पहल भी सिद्ध हुआ।



Leave a Reply