
भोपाल, जनवरी 2026
मध्य प्रदेश की सोलहवीं विधानसभा के नवम सत्र की अधिसूचना जारी कर दी गई है। विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार यह सत्र सोमवार, 16 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर शुक्रवार, 6 मार्च 2026 तक चलेगा। राज्यपाल महोदय द्वारा अनुमोदित तदाशय के अनुरूप अधिसूचना आज जारी की गई।
19 दिवसीय इस सत्र के दौरान राज्य के विकास, नीति निर्धारण एवं जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण शासकीय कार्य संपादित किए जाएंगे। सत्र की तैयारियों को लेकर विधानसभा सचिवालय ने आवश्यक तिथियां भी निर्धारित कर दी हैं।
विधानसभा सचिवालय में अशासकीय विधेयकों की सूचनाएं 4 फरवरी 2026 तक तथा अशासकीय संकल्पों की सूचनाएं 5 फरवरी 2026 तक प्राप्त की जाएंगी। वहीं स्थगन प्रस्ताव, ध्यानाकर्षण एवं नियम 267-क के अंतर्गत सूचनाएं 10 फरवरी 2026 से पूर्वान्ह 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक विधानसभा कार्यालय में स्वीकार की जाएंगी।
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश की सोलहवीं विधानसभा का यह नवम सत्र होगा, जिसमें सरकार और विपक्ष के बीच महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।



Leave a Reply