
भोपाल, 27 नवम्बर 2025।
मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की लंबित मांगों एवं कथित बाहरी हस्तक्षेप के विरोध में चल रही कलमबंद हड़ताल गुरुवार को स्थगित कर दी गई है। हड़ताल स्थगन का यह निर्णय आयुक्त जनसंपर्क के साथ हुई विस्तृत और सकारात्मक चर्चा के बाद लिया गया, जिसके परिणामस्वरूप विभागीय कार्य अब सामान्य रूप से संचालित किए जाएंगे।
सूत्रों के अनुसार, जनसंपर्क आयुक्त ने प्रतिनिधि मंडल से विभागीय संरचना, कार्यप्रणाली, पदस्थापना एवं निर्णय प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर विस्तृत संवाद किया। कर्मचारियों ने हाल ही में हुई विवादित पदस्थापनाओं और विभागीय निर्णयों में बढ़ते ‘बाहरी दबाव’ को लेकर अपनी आपत्तियाँ रखीं।
बैठक के दौरान आयुक्त ने अधिकारियों–कर्मचारियों की मुख्य चिंताओं को गंभीरता से लेते हुए सभी बिंदुओं पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया। साथ ही, विभागीय समन्वय को मजबूत करने तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ठोस उपायों पर सहमति बनी।
जनसंपर्क कर्मियों ने बताया कि आयुक्त से हुई बातचीत उम्मीद से बेहतर रही और विभागीय मुद्दों पर त्वरित समाधान की प्रतिबद्धता दिखाई गई। इसी विश्वास के आधार पर हड़ताल को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।
हड़ताल स्थगन के बाद प्रदेश स्तर पर जारी सभी प्रचार-प्रसार कार्य, मीडिया संप्रेषण, सरकारी योजनाओं की जानकारी और जनसंपर्क गतिविधियाँ अब पुनः गति पकड़ेंगी। वहीं, विभागीय कर्मचारी आशा कर रहे हैं कि समस्याओं का स्थायी समाधान जल्द सामने आएगा तथा विभाग की कार्यप्रणाली पहले से अधिक सुदृढ़ होगी।
जनसंपर्क विभाग में पिछले कुछ दिनों से जारी यह असंतोष सरकार तक भी पहुँचा था। अब आयुक्त और कर्मचारियों के बीच बनी सहमति के बाद हालात सामान्य होते दिख रहे हैं।



Leave a Reply